ICC की सालाना टीम रैंकिंग: वनडे में शीर्ष पर बरकरार भारतीय टीम
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सोमवार (11 मई) को पुरुषों की सालाना वनडे रैंकिंग की घोषणा की है, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम ने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। भारतीय टीम दूसरे स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड (113 अंक) से महज 5 अंकों के मामूली अंतर से आगे है, जबकि ऑस्ट्रेलिया (109 अंक) तीसरे स्थान पर कायम रहते हुए शीर्ष तीन टीमों की सूची पूरी करता है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
भारत
भारतीय टीम के हैं 118 अंक
पिछली सालाना की रैंकिंग में भारतीय टीम को एक अंक का नुकसान हुआ है। भारत के खाते में 118 अंक हैं। दक्षिण अफ्रीका 102 अंक के साथ चौथे और पाकिस्तान 98 अंक के साथ 5वें स्थान पर हैं। पाकिस्तान को एक पायदान का नुकसान हुआ है। सालाना रैंकिंग अपडेट में मई 2025 के बाद खेले गए मैचों को पूरा वेटेज (100 प्रतिशत) दिया जाता है, जबकि पिछले 2 सालों के नतीजों को आधा वेटेज (50 प्रतिशत) दिया जाता है।
अन्य टीमें
ऐसी है अन्य टीमों की स्थिति
शीर्ष-10 की बाकी टीमें वैसी ही बनी हुई हैं। श्रीलंकाई टीम 96 अंक के साथ छठे स्थान पर है। उनके बाद अफगानिस्तान की टीम 93 अंक के साथ 7वें पायदान पर मौजूद है। इंग्लैंड की टीम 8वें स्थान पर है। ICC की तालिका के अनुसार, इंग्लिश टीम के अब 89 अंक हैं। वहीं, बांग्लादेश 84 अंक के साथ नौवें स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज अब 74 अंक के साथ 10वें स्थान पर हैं।