टी-20 विश्व कप 2026 में कैसा रहा USA क्रिकेट टीम का सफर?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में USA क्रिकेट टीम का सफर समाप्त हो गया है। यह टीम ग्रुप-A में थी। टूर्नामेंट में USA टीम ने 4 मुकाबले खेले, जिसमें से उसे सिर्फ 2 मुकाबले में जीत मिली और 2 में हार का सामाना करना पड़ा। टीम अपने ग्रुप में 4 अंक (+0.787) के साथ तीसरे पायदान पर रही। हालांकि, उसे बहुत कुछ नया सीखने को मिला है। आइए जानते हैं कि पूरे विश्व कप में इस टीम का सफर कैसा रहा।
सफर
ऐसा रहा USA टीम का सफर
USA ने अपने अभियान की शुरुआत भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ की, जहां 162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उसे 29 रन से हार झेलनी पड़ी थी। दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने उसे 32 रन से पराजित किया। इसके बाद नीदरलैंड के खिलाफ टीम को 93 रन से बड़ी जीत नसीब हुई थी। इसी तरह नामीबिया क्रिकेट टीम के खिलाफ आखिरी मुकाबले में भी उसे 31 रनों की अहम जीत मिली थी।
बल्लेबाज
USA के इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन
USA के लिए इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन शुभम रंजने ने बनाए। उनके बल्ले से 4 मैचों की 4 पारियों में 70.50 की औसत और 180.86 की स्ट्राइक रेट से 141 रन निकले। उन्होंने 1 अर्धशतक लगाया और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 51 रन रहा। वहीं, सैतेजा मुक्कमल्ला ने 4 पारियों में 35.33 की औसत और 155.88 की स्ट्राइक रेट से 106 रन बनाए। उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 68* रन का रहा।
विकेट
USA के इन गेंदबाजों ने झटके सबसे ज्यादा विकेट
USA के शेडली वैन शाल्कविक ने इस विश्व कप में ग्रुप चरण में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 मैचों में 7.76 की औसत के साथ 13 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 6.80 की रही। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल लिए और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/25 विकेट का रहा। इसी तरह हरमीत सिंह ने भी 4 मैचों में 7 विकेट अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21 रन देकर 4 विकेट लेने का रहा।
रिकॉर्ड
USA के नाम आए ये रिकॉर्ड
नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हरमीत ने 21 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इसके साथ ही वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में USA के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने शेडली वान शाल्कविक का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इसी विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ केवल 4/25 के आंकड़े दर्ज किए थे। नामीबिया के खिलाफ मोनांक पटेल 52 रन की पारी खेलकर USA के लिए 1,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे।