
IPL 2025 में कैसा रहा KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे का प्रदर्शन? आंकड़ों से जानिए
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सफर 8वें स्थान के साथ समाप्त हो गया है।
इस साल टीम के लिए सबसे बेहतरीन प्रदर्शन कप्तान अजिंक्य रहाणे का रहा। वह टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं।
हालांकि, उनके इस प्रदर्शन के बाद भी IPL 2024 की विजेता टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई। रहाणे को छोड़कर अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया।
आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
प्रदर्शन
ऐसा रहा रहाणे का प्रदर्शन?
रहाणे ने इस संस्करण में 13 मैचों की 12 पारियों में 35.45 की औसत और 147.72 की स्ट्राइक रेट के साथ 390 रन बनाए।
इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक भी अपने नाम किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 61 रन का रहा है। उन्होंने 36 चौके और 20 छक्के भी लगाए। इस बीच वह एक बार नाबाद भी रहे।
वह KKR के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके बाद अंगकृष रघुवंशी 300 रन के साथ दूसरे पायदान पर हैं।
उपलब्धि
रहाणे ने IPL में पूरे किए 5,000 रन
रहाणे ने इस संस्करण में खास उपलब्धि भी अपने नाम की।
संस्करण के 57वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ खेली गई 33 गेंदों में 48 रन (4 चौके और 2 छक्के) की पारी के दौरान उन्होंने IPL में अपने 5,000 रन भी पूरे किए थे।
वह लीग में यह उपलब्धि हासिल करने वाले 9वें बल्लेबाज बने थे। इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के विराट कोहली (8,618) के नाम दर्ज है।
जानकारी
रहाणे ने IPL में पूरे किए 500 चौके
रहाणे ने संस्करण के 39वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ खेली अर्धशतकीय पारी (50) के दौरान IPL में अपने 500 चौके भी पूरे किए थे। वह इस लीग में अब तक 514 चौके और 123 छक्के जड़ चुके हैं।
प्रदर्शन
रहाणे की कप्तानी में कैसा रहा टीम का प्रदर्शन?
गत विजेता KKR का इस संस्करण में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। टीम ने हार के साथ अभियान की शुरुआत की और आखिर तक लय में नहीं लौट पाई।
यही कारण रहा कि वह कुल 14 मैचों में से केवल 5 में जीत दर्ज कर पाई और 7 में उसे हार झेलनी पड़ी। 2 मुकाबले अनिर्णित भी रहे।
इसके चलते रहाणे के नेतृत्व में टीम 12 अंकों (-0.305) के साथ IPL 2025 का संस्करण समाप्त करने को मजबूर हुई।
करियर
कैसा रहा है रहाणे का IPL करियर?
रहाणे ने साल 2008 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 198 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 183 पारियों में 30.49 की औसत और 125.01 की स्ट्राइक रेट से 5,032 रन बना चुके हैं।
उनके बल्ले से 2 शतक और 33 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 105 रन का रहा है।
उन्होंने 38 मैचों में टीमों की कप्तानी की है, जिसमें 14 में जीत और 23 में हार मिली है।