Page Loader
एशियाई खेल: भारतीय खिलाड़ियों ने शनिवार को जीते 6 स्वर्ण सहित 12 पदक, ऐसा रहा प्रदर्शन 
भारतीय क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक जीता (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

एशियाई खेल: भारतीय खिलाड़ियों ने शनिवार को जीते 6 स्वर्ण सहित 12 पदक, ऐसा रहा प्रदर्शन 

Oct 07, 2023
07:35 pm

क्या है खबर?

चीन के हांगझोउ में संपन्न हुए 19वें एशियाई खेल के 14वें और अंतिम दिन भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण सहित कुल 12 पदक हासिल किए। भारत टूर्नामेंट में कुल 107 पदकों के साथ समापन किया। भारतीयों ने 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया। आइए शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

बैडमिंटन में सात्विक-चिराग की जोड़ी ने जीता स्वर्ण 

बैडमिंटन में सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। एशियाई खेलों में बैडमिंटन में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है। इस जोड़ी ने दक्षिण कोरिया के वोन्हो किम और सोलग्यू चोई को 21-18, 21-16 से हराकर पदक जीता। सात्विक-चिराग की जोड़ी ने पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया था। अब दोनों ने एशियाई खेलों में इतिहास रच दिया है।

रिपोर्ट

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण पदक 

एशियाई खेलों में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का सिर ऊंचा कर दिया। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले का बारिश के चलते कोई परिणाम नहीं निकल सका और उच्च वरीयता वाली टीम होने के चलते भारत की झोली में स्वर्ण पदक आया। अफगानिस्तान को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी इन खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।

रिपोर्ट

भारतीय कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण पदक 

भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक हासिल करते हुए भारतीयों को खुश होने का एक और मौका दे दिया। फाइनल में भारत ने ईरान को (33-29) से हराकर अपना परचम लहराया। हालांकि, मैच के दौरान कुछ विवाद भी देखने का मिला। जब दोनों टीमों का स्कोर 28-28 था तो लॉबी से जुड़े नियम पर विवाद हो गया और मैच रोक दिया गया। इसके बाद रेफरी के बीच-बचाव के बाद विवाद सुलझा और भारत विजयी घोषित हुआ।

रिपोर्ट

भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता कांस्य पदक 

शनिवार को ही भारतीय महिला हॉकी टीम के हाथ बड़ी कामयाबी लगी। भारतीय टीम ने पदक जीतने की उम्मीद को पूरा करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमा लिया। कांस्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले में भारत ने जापान महिला हॉकी टीम को 2-1 से हराकर देख के खाते में एक और पदक जोड़ दिया। भारत की ओर से दीपिका कुमार और सुशीला ने गोल दागे। इससे पूर्व भारत की पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीता था।

रिपोर्ट

तीरंदाजी में आए 4 पदक 

अंतिम दिन तीरंदाजी खेल से भारत के झोली में कुल 4 पदक आए। इनमें 2 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल रहा। अदिति गोपीचंद स्वामी ने कांस्य पदक के लिए हुए मैच में मलेशिया की रतिह फदली को 146-140 से हराया। ज्योति सुरेखा वेन्नम ने स्वर्ण पदक के हुए मुकाबले में दक्षिण कोरिया की सो चैवोन को 149-145 से हराया। ओजस प्रवीण ने स्वर्ण के लिए हुए मुकाबले में हमवतन अभिषेक वर्मा को 149-147 से हराया।