IPL: पंजाब के खिलाफ कैसा रहा है रोहित शर्मा का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 में सातवें स्थान पर है। प्ले-ऑफ में जाने के लिए टीम को बाकी बचे चारों मैच जीतने होंगे। आज रात उनका सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से होगा जिनके पास भी मुंबई जितने ही अंक हैं, लेकिन वे पांचवें स्थान पर हैं।
बेहद अहम मुकाबले में मुंबई को अपने कप्तान रोहित शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
आइए जानते हैं PBKS के खिलाफ कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन।
प्रदर्शन
PBKS के खिलाफ ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन
रोहित शर्मा MI के लिए PBKS के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 26 मैचों की 25 पारियों में 34.85 की औसत के साथ 732 रन बनाए हैं।
PBKS के खिलाफ रोहित ने अब तक सात अर्धशतक लगाए हैं जिसमें नाबाद 79 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। रोहित PBKS के खिलाफ 68 चौके और 31 छक्के लगा चुके हैं। उनका स्ट्राइक-रेट 140.22 का रहा है।
मुख्य गेंदबाज
पंजाब के मुख्य गेंदबाजों के खिलाफ रोहित का प्रदर्शन
PBKS के मुख्य तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रोहित को जमकर परेशान किया है। शमी के खिलाफ रोहित 34 गेंदों में 40 रन बना सके हैं और दो बार शमी ने उनका शिकार किया है।
अर्शदीप सिंह ने रोहित के खिलाफ हुई एक भिड़ंत में बाजी मारी थी। रोहित ने अर्शदीप के खिलाफ तीन गेंदों में दो रन बनाए थे और अपना विकेट गंवाया था। रवि बिश्नोई के खिलाफ रोहित ने 22 गेंदों में 26 रन बनाए हैं।
स्पिन और तेज गेंदबाज
स्पिन और तेज गेंदबाजों के खिलाफ रोहित का प्रदर्शन
रोहित ने स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ 112 की स्ट्राइक-रेट के साथ 1,969 रन बनाए हैं। स्पिनर्स के खिलाफ 68 छक्के और 128 चौके लगाने वाले रोहित 59 बार अपना विकेट भी गंवा चुके हैं।
तेज गेंदबाजों के खिलाफ रोहित 143.53 की स्ट्राइक-रेट के साथ 3,587 रन बना चुके हैं जिसमें 357 चौके और 157 छक्के शामिल हैं। तेज गेंदबाजों ने 115 बार रोहित का विकेट भी हासिल किया है।
जानकारी
इस सीजन में 300 से अधिक रन बना चुके हैं रोहित
रोहित ने इस सीजन नौ मैचों में 36.22 की औसत से अपनी टीम के लिए सबसे अधिक 326 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला है।