Page Loader
अंडर-19 विश्व कप में हमेशा रहा है भारत का दबदबा, क्या रिकॉर्ड पांचवीं बार जीतेगा भारत?

अंडर-19 विश्व कप में हमेशा रहा है भारत का दबदबा, क्या रिकॉर्ड पांचवीं बार जीतेगा भारत?

लेखन Neeraj Pandey
Feb 06, 2020
02:40 pm

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका में खेले जा रहे ICC अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम का दबदबा रहा है। क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर भारत ने लगातार तीसरी बार अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है। यशस्वी जायसवाल, रवि बिश्नोई और कार्तिक त्यागी के शानदार प्रदर्शन के साथ भारत अपने टाइटल को डिफेंड करने की कोशिश करेगा। आइए एक नजर डालते हैं अंडर-19 विश्व कप इतिहास में भारत के दबदबे पर।

शुरुआत

कैफ की कप्तानी में शुरु हुआ सिलसिला

अंडर-19 विश्व कप में भारत के दबदबे की शुरुआत दो दशक पहले 2000 में हुई जब मोहम्मद कैफ की अगुवाई में भारत ने श्रीलंका को हराकर खिताब पर अपना कब्जा जमाया। युवराज सिंह को 213 रन बनाने और 12 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। दोनों खिलाड़ियों ने भारत के लिए अपना डेब्यू किया और दो साल बाद ही लॉर्ड्स में ऐतिहासिक साझेदारी करके भारत को जीत दिलाई।

स्टार खिलाड़ी

लगातार मिलने लगे स्टार खिलाड़ी

युवराज और कैफ ने ऐसा प्रभाव डाला कि भारत को भविष्य के लिए कई सुपरस्टार्स मिलने शुरु हो गए। 2004 में शिखर धवन ने रिकॉर्ड 505 रन बनाए, लेकिन भारत को फाइनल तक नहीं पहुंचा सके। हालांकि, 2008 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने अंडर-19 विश्व कप जीता। अंडर-19 विश्व कप से मिलने वाले स्टार्स की बात करें तो युवराज के बाद कोहली सबसे बड़े सितारे हैं।

पिछले संस्करण

भारत को मिले हैं पिछले कुछ संस्करणों से तमाम स्टार खिलाड़ी

2012 में एक बार फिर भारत ने अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता और इस बार टीम के कप्तान उनमुक्त चंद थे। भले ही अगले दो संस्करणों में भारत के लिए श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, कुलदीप यादव, सरफराज खान और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी खेले, लेकिन भारत चैंपियन नहीं बन सका। 2018 में राहुल द्रविड़ की कोचिंग में पृथ्वी शॉ की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।

उम्मीद

क्या रिकॉर्ड पांचवीं बार अंडर-19 विश्व कप जीतेगा भारत?

अंडर-19 विश्व का पहला संस्करण दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किया गया था और इस साल भी इसका आयोजन वहीं हो रहा है। चार बार अंडर-19 विश्व कप जीत चुकी भारतीय टीम इस बार रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब जीतने की कोशिश में लगी हुई है। जायसवाल की शानदार बल्लेबाजी के साथ ही तेज गेंदबाजी आक्रमण को देखते हुए उम्मीद की जा सकती है कि भारत अपना टाइटल डिफेंड कर ले जाएगा।

जानकारी

9 फरवरी को खेला जाएगा फाइनल

2020 अंडर-19 विश्व का फाइनल 9 फरवरी को खेला जाएगा। बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच आज चल रहे दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम का सामना भारत से होगा।

2020 अंडर-19 विश्व कप

2020 अंडर-19 विश्व कप से निकल सकते हैं ये स्टार्स

2020 अंडर-19 विश्व कप शुरु होने से पहले ही बाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपनी प्रतिभा दिखा दी थी। अंडर-19 विश्व कप में तीन अर्धशतक और एक शतक लगा चुके जायसवाल को भविष्य का सितारा माना जा रहा है। तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अपनी गति और सटीक यॉर्कर से सबको प्रभावित किया है। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई और बाएं हाथ के स्पिनर अथर्व अंकोलेकर का भविष्य भी उज्जवल है।