IPL में श्रेयस अय्यर का CSK के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) ने अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस (GT) को हराया था। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम अपने अगले मैच में 3 अप्रैल को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से भिड़ेगी। अपने पिछले मैच में सिर्फ 18 रन बनाने वाले अय्यर CSK के खिलाफ मैच में उपयोगी पारी खेलना चाहेंगे। इस बीच अय्यर के CSK के खिलाफ प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
CSK
CSK के खिलाफ अय्यर के साधारण से रहे हैं आंकड़े
अय्यर आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं और अपनी उपस्थिति से विपक्षी टीम पर दबाव बना लेते हैं। हालांकि, CSK के खिलाफ वह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। PBKS के कप्तान ने इस टीम के विरुद्ध 15 पारियों में 28.53 की औसत और 115.93 की स्ट्राइक रेट के साथ 371 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 72 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए हैं।
प्रदर्शन
CSK के गेंदबाजों के खिलाफ अय्यर का प्रदर्शन
अय्यर को खलील अहमद के सामने बल्लेबाजी करते हुए परेशानी हुई है। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज के खिलाफ अय्यर ने 25 गेंदों में 33 रन बनाए हैं। इस दौरान खलील ने 3 बार उन्हें आउट किया है। नूर अहमद के विरुद्ध अय्यर ने 12 गेंदों में 15 रन बनाए हैं। अंशुल कंबोज ने एक बार अय्यर को आउट किया है। इस बीच PBKS के कप्तान ने कंबोज के विरुद्ध 4 गेंदों में 2 रन बनाए हैं।
करियर
शानदार रहा है अय्यर का IPL करियर
अय्यर ने 2015 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 134 मुकाबलों की 133 पारियों में लगभग 35 की औसत और 133.46 की स्ट्राइक रेट से 3,749 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 27 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 97* रन रहा है। वह अब तक 87 मैचों में कप्तानी करते हुए 51 में जीत दर्ज कर चुके हैं, जबकि 35 में उन्हें हार मिली है।