टी-20 विश्व कप में राशिद खान का कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मुकाबले से करेगी। पिछले सीजन में सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली अफगान टीम की कप्तानी आगामी संस्करण में राशिद खान करेंगे। अफगान टीम भारत और श्रीलंका में होने वाले विश्व कप में अपने कप्तान राशिद से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। इस बीच टी-20 विश्व कप में राशिद के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
विश्व कप
टी-20 विश्व कप में शानदार रहा है राशिद का प्रदर्शन
2015 में डेब्यू करने के बाद से, राशिद सभी प्रारूप में अफगानिस्तान के मुख्य स्पिनर रहे हैं। टी-20 विश्व कप (2016-2024) में उन्होंने 23 मैचों में 14.89 की औसत से 37 विकेट लिए। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 7 से कम (6.30) रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 9 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में अफगान टीम से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
2024
टी-20 विश्व कप 2024 में राशिद का प्रदर्शन
टी-20 विश्व कप 2024 में राशिद सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में तीसरे स्थान पर रहे थे। उनसे आगे सिर्फ अर्शदीप सिंह (15) और फजलहक फारूकी (17) रहे थे। राशिद ने पिछले विश्व कप में 8 मुकाबले खेले और 8 पारियों में 12.78 की औसत से 14 विकेट अपने नाम किए थे। उनकी इकॉनमी रेट 6.17 की रही थी। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल अपने नाम किया और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 का रहा था।
आंकड़े
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज हैं राशिद
राशिद टी-20 अंतरराष्ट्रीय के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 111 मैच खेले हैं, जिसमें 13.59 की औसत और 6.02 की इकॉनमी रेट के साथ 187 विकेट लिए हैं। इस बीच उन्होंने 2 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए। उनके अलावा किसी अन्य अफगान गेंदबाज ने 150 विकेट नहीं लिए हैं। साल 2019 में राशिद ने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ डबल हैट्रिक (लगातार 4 गेंदों पर विकेट) ली थी।
रिकॉर्ड्स
टी-20 विश्व कप के दौरान ये रिकॉर्ड्स बना सकते हैं राशिद
राशिद टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 200 विकेट लेने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बन सकते हैं। उन्होंने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में 515 मैचों में 18.49 की औसत और 6.58 की इकॉनमी रेट के साथ 696 विकेट हैं। वह टी-20 क्रिकेट के इतिहास में 700 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बनने के करीब हैं। बता दें कि उनके बाद दूसरे सर्वाधिक विकेट वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो (631) ने लिए हैं।