
टी-20 क्रिकेट: महेंद्र सिंह धोनी का सुनील नरेन के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 57वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सामना चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से 7 मई को ईडन गार्डन स्टेडियम में होगा।
इस मुकाबले में CSK के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और KKR के स्पिनर सुनील नरेन भी आमने-सामने होंगे।
CSK के दिग्गज धोनी पिछले कुछ समय में स्पिनरों के सामने जूझते हुए नजर आए हैं।
इस बीच टी-20 क्रिकेट में नरेन के खिलाफ धोनी के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
IPL 2025
मौजूदा सीजन की पहली भिड़ंत में भी धोनी को आउट कर चुके हैं नरेन
इस सीजन की शुरुआत में, KKR ने CSK को चेपॉक स्टेडियम में उनके सबसे कम स्कोर (20 ओवर में 103/9) पर रोक दिया था।
नरेन ने KKR के लिए अपने 4 ओवर में 13 रन देते हुए 3 विकेट लिए थे।
उस मैच में धोनी एक बार फिर नरेन का शिकार बने थे। वह सिर्फ 4 गेंदों का सामना करते हुए 1 रन ही बना सके थे।
IPL में दूसरी बार नरेन ने धोनी को आउट किया था।
आंकड़े
नरेन टी-20 क्रिकेट में 3 बार ले चुके हैं धोनी का विकेट
क्रिकइंफो के अनुसार, धोनी ने नरेन के खिलाफ 92 गेंदों पर 52.17 की स्ट्राइक रेट से केवल 48 रन बनाए हैं, और 19 मुकाबलों में वह 3 बार आउट हुए हैं। इस दिग्गज विकेटकीपर ने नरेन की गेंद पर केवल 2 चौके ही लगाए हैं।
वहीं IPL में दोनों खिलाड़ी 16 मैचों में आमने-सामने हुए हैं, जिसमें 2 बार नरेन ने विकेट चटकाया है।
धोनी ने IPL में नरेन के खिलाफ 52.00 की स्ट्राइक रेट से 39 रन बनाए हैं।
आमने-सामने
एक-दूसरे की टीमों के खिलाफ प्रदर्शन
IPL में नरेन CSK के खिलाफ सर्वाधिक विकेट लेने वाले स्पिनर हैं।
उन्होंने 5 बार की इस विजेता टीम के खिलाफ 21 मैचों में 19.65 की औसत के साथ कुल 26 विकेट चटकाए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 13 रन देते हुए 3 विकेट लेना रहा है।
वहीं, धोनी ने KKR के विरुद्ध 34 मैच खेले हैं, जिसमें 39.78 की औसत और 129.83 की स्ट्राइक रेट से 534 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं।
प्रदर्शन
मौजूदा सीजन में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन
IPL 2025 में नरेन ने गेंदबाजी में 7.59 की अच्छी इकॉनमी रेट से 10 विकेट लिए हैं। उन्होंने अपने पिछले 4 मैचों में से 3 में विकेट नहीं लिए हैं।
हालांकि, इस बीच वह किफायती रहे हैं।
दूसरी तरफ, CSK के नामित फिनिशर धोनी ने 148.18 की अच्छी स्ट्राइक रेट से 163 रन बनाए हैं।
दिलचस्प रूप से स्पिनरों के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 109.09 रह गया है।