SENA देशों में टेस्ट में कैसा रहा है चेतेश्वर पुजारा का प्रदर्शन?

सीनियर भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा से इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे पांचवें टेस्ट मैच में ओपनिंग कराई गई थी। ओपनिंग करते हुए पुजारा सफल नहीं हो पाए और सस्ते में आउट हो गए। SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में पुजारा का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है और लगातार उनके ऊपर सवाल उठते रहे हैं। आइए एक नजर डालते हैं SENA देशों में अब तक कैसा रहा है पुजारा का प्रदर्शन।
2021-22 में दक्षिण अफ्रीका में खेली गई टेस्ट सीरीज में पुजारा का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। उन्होंने सीरीज में 0, 16, 3, 53, 43, और 9 के स्कोर बनाए थे। छह में से पांच बार वह कैचआउट हुए थे। दक्षिण अफ्रीका में पुजारा का औसत 30 से कम का रहा है। उन्होंने 28.15 की औसत के साथ 19 पारियों में 535 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक शामिल है।
गौरतलब है कि पुजारा ने अपना आखिरी टेस्ट शतक 2019 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में लगाया था। उन्होंने 193 रनों की दमदार पारी खेली थी और 2018-19 बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। ऑस्ट्रेलिया में पुजारा ने अब तक खेले 11 टेस्ट मैचों में 47.28 की अच्छी औसत के साथ 993 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने तीन शतक लगाए हैं।
इंग्लैंड में टेस्ट में अब तक पुजारा अपना प्रभाव नहीं दिखा सके हैं। उन्होंने इंग्लैंड में खेले 15 टेस्ट में 28.25 की औसत के साथ 763 रन बनाए हैं। इंग्लैंड में पुजारा अब तक एक शतक और चार अर्धशतक ही लगा पाए हैं। पुजारा भारतीय टीम के साथ तीसरी बार इंग्लैंड दौरे पर गए हैं। 2021 में शुरु हुई टेस्ट सीरीज में पुजारा 4, 12*, 9, 45, 1, 91, 4, 61, और 13 के स्कोर बना सके हैं।
न्यूजीलैंड में पुजारा का प्रदर्शन SENA देशों में सबसे खराब रहा है। उन्होंने यहां खेले चार मैचों में 20 की औसत से केवल 160 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है।
पुजारा अब तक SENA देशों में 40 टेस्ट खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 77 पारियों में 32.68 की औसत के साथ 2,451 रन बनाए हैं। SENA देशों में पुजारा पांच शतक और 13 अर्धशतक लगा चुके हैं। भारत द्वारा जीते गए मैचों में उनका औसत 35.13 और हार मैचों में 24.97 का रहा है। ड्रॉ रहे मैचों में उनका औसत सबसे अधिक 53.15 का रहा है।