Loading...
महेंद्र सिंह धोनी ने कैसे दी थी अपने संन्यास की जानकारी? जहीर खान ने किया खुलासा
जहीर खान ने महेंद्र सिंह धाेनी के IPL से संन्यास लेने की जानकारी का खुलासा किया है

महेंद्र सिंह धोनी ने कैसे दी थी अपने संन्यास की जानकारी? जहीर खान ने किया खुलासा

Nov 21, 2026
01:50 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की रिटेंशन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची जारी करने के आखिरी दिन चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने अपने शानदार खेल करियर को अलविदा कहकर टीम के मेंटर की नई भूमिका स्वीकार कर ली है। अब CSK के नवनियुक्त मुख्य कोच जहीर खान ने खुलासा किया है कि धोनी ने बिना किसी शोर-शराबे के बेहद सामान्य तीरके से उन्हें अपने संन्यास की जानकारी दी थी।

बयान

धाेनी ने कैसे दी थी संन्यास की जानकारी?

CSK के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी एक वीडियो में जहीर ने कहा, "हां, व्यक्तिगत रूप से यह मेरे लिए अप्रत्याशित था जब धोनी ने बेहद सहज तरीके से इसका जिक्र किया। जैसा कि आप जानते हैं, उन्हें इस पर कोई बड़ी खबर बनाना पसंद नहीं है।"

उन्होंने कहा, "यह सिर्फ एक सामान्य चर्चा के दौरान हुआ, जहां उन्होंने सहजता से कहा कि, 'ठीक है, बस इतना ही, अब नीलामी में जाने के लिए तुम्हारे पास कुछ अतिरिक्त पैसे होंगे।"

भरोसा

धोनी के फैसले की टाइमिंग पर भरोसा

जहीर ने कहा कि उन्हें लगा था कि एक नए IPL चक्र की शुरुआत में धोनी के संन्यास पर चर्चा होगी, लेकिन कब क्या करना है, यह धोनी बेहतर जानते हैं।

उन्होंने कहा, "मैंने व्यक्तिगत रूप से इसके बारे में नहीं सोचा था क्योंकि, आप जानते हैं, वे एमएस हैं। वे जानते हैं कि क्या करना सही है और अमल करने का सही समय कब है।"

धोनी के इस फैसले से CSK के लिए वह सप्ताह भावनाओं से भरा रहा।

ADVERTISEMENT

खुशी

जहीर ने धोनी के मेंटर बनने पर जताई खुशी

जहीर ने कहा, "एन श्रीनिवासन ने बिल्कुल सही कहा था कि धोनी के बिना कोई CSK नहीं है और निश्चित रूप से यही बात है।"

हालांकि, विश्व कप विजेता कप्तान के साथ काम करने को लेकर उत्साहित जहीर ने कहा, "लेकिन मैं इस बात से उत्साहित हूं कि वे मेरे साथ मेंटर के रूप में बोझ साझा करने जा रहे हैं, मेरा काम आसान बनाएंगे, हमें सही दिशा में मार्गदर्शन देंगे और हमारे लिए एक योजनाकार बनेंगे।"

ADVERTISEMENT

चुनौती

CSK के सामने आगामी सीजन में क्या होगी चुनौती?

CSK ने गत 17 नवंबर को धोनी के संन्यास की आधिकारिक पुष्टि की थी।

साल 2008 में लीग की शुरुआत से ही CSK की पहचान रहे धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम को 5 IPL खिताब, 2 चैंपियंस लीग ट्रॉफी जिताई हैं और 12 बार प्लेऑफ में पहुंचाया है।

CSK को अब उम्मीद है कि मैदान से बाहर रहकर भी मेंटर के रूप में धोनी की मौजूदगी टीम को जीत की राह पर लौटाएगी।

ADVERTISEMENT