Page Loader
IPL: जोफ्रा आर्चर के खिलाफ कैसा रहा है अंबाती रायडू का प्रदर्शन?

IPL: जोफ्रा आर्चर के खिलाफ कैसा रहा है अंबाती रायडू का प्रदर्शन?

लेखन Neeraj Pandey
Oct 19, 2020
03:43 pm

क्या है खबर?

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। टूर्नामेंट में बने रहने के लिए उन्हें अब लगातार अपने सभी मैच जीतने होंगे और उसी क्रम में आज उनका सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से होगा। CSK के लिए अंबाती रायडू फिलहाल मिडिल आर्डर संभालने का काम कर रहे हैं और उनकी बैटल जोफ्रा आर्चर से होगी। आइए जानते हैं आर्चर के खिलाफ कैसा रहा है रायडू का प्रदर्शन।

बैटल

ऐसी रही है दोनों की आपसी बैटल

IPL करियर में रायडू ने 146 पारियों में 29.47 की औसत के साथ 3,537 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने करियर में 19 अर्धशतक और एक शतक लगाया है। दूसरी ओर आर्चर ने 30 मैचों में 38 विकेट चटकाए हैं जिसमें 15 रन देकर तीन विकेट लेना उनका बेस्ट रहा है। रायडू ने आर्चर की 13 गेंदों पर केवल चार रन बनाए हैं और दो बार उनका शिकार बने हैं।

डाटा

RR के खिलाफ ऐसा रहा है रायडू का प्रदर्शन

IPL में RR के खिलाफ रायडू का प्रदर्शन अच्छा रहा है। अब तक उन्होंने 16 मैचों में 135.10 की स्ट्राइक रेट के साथ 331 रन बनाए हैं जिसमें 13 छक्के और 26 चौके शामिल हैं।

प्रदर्शन

RR के खिलाफ बीच के ओवर्स में शानदार रहा है रायडू का प्रदर्शन

सैम कर्रन को ओपनिंग के लिए भेजकर CSK ने रायडू को नंबर चार पर भेज दिया है। गौरतलब है कि RR के खिलाफ रायडू का प्रदर्शन पहले छह ओवर्स की अपेक्षा बीच के ओवर्स में ज्यादा अच्छा रहा है। सभी सीजनों में रायडू ने RR के खिलाफ पावरप्ले में केवल 45 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी 84.91 का रहा है। हालांकि, बीच के ओवर्स में स्ट्राइक रेट 141.86 का हो जाता है।

उम्मीद

क्या की जा सकती है उम्मीद?

दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले मुकाबले में RR ने शानदार प्रदर्शन किया था और CSK 217 का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी थी। रायडू चोट के कारण उस मैच में हिस्सा नहीं ले सके थे। हालांकि, चोट से वापसी के बाद से रायडू का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। दूसरी ओर आर्चर ने भी अपनी तेज गति से बल्लेबाजों को खूब परेशान किया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों में कौन बाजी मारता है।