टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इंग्लैंड द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारियों पर एक नजर
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने 823/7 का पहाड़ जैसा स्कोर बना दिया। इस दौरान जो रूट और हैरी ब्रूक के बीच 454 रन की साझेदारी हुई।
ये टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इंग्लैंड द्वारा की गई सबसे बड़ी साझेदारी है। दोनों खिलाड़ियों ने 67 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है।
ऐसे में आइए इंग्लैंड द्वारा टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में की गई सबसे बड़ी साझेदारियों पर एक नजर डालते हैं।
#1
जो रूट और हैरी ब्रूक (454 रन)
मुल्तान में खेले जा रहे टेस्ट में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 556 रन बनाए थे। जवाब में रूट के बल्ले से 375 गेंदों में 262 रन निकले। उन्होंने 17 चौके लगाए।
ब्रूक ने उनका साथ अच्छी तरह से निभाया और 322 गेंदों में 317 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 29 चौके और 3 छक्के निकले।
दोनों ने 522 गेंदों का सामना किया और 454 रन जोड़े। पाकिस्तान का कोई भी गेंदबाज इनपर दबाव नहीं बना पाया।
#2
पीटर मे और कॉलिन काउड्रे (411 रन)
रूट और ब्रूक ने पीटर मे और कॉलिन काउड्रे का रिकॉर्ड तोड़ा है। दोनों ने साल 1957 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 411 रनों की साझेदारी निभाई थी।
पहली पारी में इंग्लैंड 186 रन पर ऑलआउट हुई थी। जवाब में वेस्टइंडीज ने 474 रन बनाए थे।
दूसरी पारी में पीटर ने 154 रन बनाए थे। काउड्रे के बल्ले से 285 रन निकले थे। इंग्लैंड ने 583/4 रन के स्कोर पर पारी घोषित की थी।
यह मुकाबला ड्रॉ रहा था।
#3
बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो (399 रन)
सूची में तीसरे स्थान पर इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो हैं। दोनों ने साल 2016 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 399 रनों की साझेदारी निभाई थी।
पहली पारी में स्टोक्स ने 198 गेंदों का सामना करते हुए 258 रन बनाए थे। बेयरस्टो के बल्ले से 191 गेंदों में 150 रन निकले थे।
इंग्लैंड ने 629/6 रन के स्कोर पर पारी घोषित की थी। यह मुकाबला भी ड्रॉ पर समाप्ता हुआ था।
#4
मौरिस लेलैंड और लियोनार्ड हटन (382 रन)
साल 1938 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मुकाबला खेला गया था। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 903 रन बनाए थे।
लियोनार्ड हटन ने 847 गेंदों में 364 रन बना दिए थे। उनके बल्ले से 35 चौके निकले थे।
मौरिस लेलैंड ने 438 गेंदों में 187 रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 17 चौके निकले थे। दोनों के बीच 382 रन की साझेदारी हुई थी।
इंग्लैंड को पारी और 579 रनों से जीत मिली थी।