महिला टी-20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए खेली गई सर्वोच्च पारियां
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को महिला टी-20 विश्व कप 2026 के 18वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम से 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पहले खेलकर निर्धारित 158/7 का स्कोर बनाया। जवाब में प्रोटियाज टीम ने मैरिजान कैप (81*) की बदौलत 19.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। कैप की पारी महिला टी-20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए खेली गई दूसरी सर्वोच्च पारी है। आइए अन्य पर नजर डालते हैं।
#1
शेमेन कैम्पबेल - 90* बनाम न्यूजीलैंड, साउथम्पटन, 2026
मौजूदा टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम ने साउथम्पटन के रोज बाउल में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम को हराने के लिए रिकॉर्ड 163 रनों का पीछा किया। शेमेन कैम्पबेल की नाबाद 90 (62) रनों की पारी ने उन्हें 7 विकेट से जीत दिलाई। महिला टी-20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी भी अन्य बल्लेबाज ने 90 रन का आंकड़ा नहीं छुआ है। कैम्पबेल की शानदार पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
#2
मैरिजान कैप - 81* बनाम भारत, मैनचेस्टर, 2026
जैसा कि बताया गया है कि कैप ने दक्षिण अफ्रीका को भारत के खिलाफ 159 रनों का लक्ष्य हासिल करने में मदद की। दक्षिण अफ्रीका के 6 ओवर में 25 रन पर 2 विकेट गिर गए थे। हालांकि, कैप और तजमिन ब्रिट्स ने 97 रनों की साझेदारी करके मैच का रुख पलट दिया। मैच आखिरी ओवर तक रोमांचक रहा और कैप ने नाबाद 81 रन (45 गेंद) बनाकर दक्षिण अफ्रीका को जीत दिलाई। उन्होंने 7 चौके और 4 छक्के लगाए।
#3
शार्लेट एडवर्ड्स - 80 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2009
इंग्लैंड की पूर्व कप्तान शार्लट एडवर्ड्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 80 रनों की यह ऐतिहासिक पारी महिला टी-20 विश्व कप 2009 में खेली थी। मैच में इंग्लैंड को 164 रनों का मजबूत लक्ष्य मिला था, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया ने 163/5 का स्कोर बनाया था। जवाब में इंग्लैंड ने एडवर्ड्स की पारी से 2 विकेट खोकर 165 रन बनाते हुए जीत दर्ज की थी। एडवर्ड ने 56 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 80 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी।