टी-20 क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले कप्तान, जानिए शीर्ष पर कौन
क्या है खबर?
टी-20 क्रिकेट में कप्तानी की जिम्मेदारी निभाते हुए बड़ी पारियां खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए खास उपलब्धि होती है। इस प्रारूप में कई कप्तानों ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास रचा है। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों ने ऐसी पारियां खेलीं, जिन्होंने रिकॉर्ड बुक में अपनी खास जगह बनाई। ऐसे में आइए उन बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं जिन्होंने कप्तान के तौर पर टी-20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियां खेली।
#1
प्रियांश आर्य (181 रन बनाम तमिलनाडु, 2026)
सूची में पहले स्थान पर दिल्ली क्रिकेट टीम के कप्तान प्रियांश आर्य हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में तमिलनाडु के खिलाफ 181 रन की विस्फोटक पारी खेली।
प्रियांश ने इस दौरान महज 68 गेंदों का सामना किया और 7 चौकों के अलावा 19 छक्के जड़े। उनकी स्ट्राइक रेट 266.18 की रही।
यह टी-20 क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है। यह इस प्रारूप के इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पारी भी है।
#2
आरोन फिंच (172 रन बनाम जिम्बाब्वे, 2018)
दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान आरोन फिंच हैं। उन्होंने साल 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 172 रन की धमाकेदार पारी खेली थी।
फिंच ने इस दौरान 76 गेंदों का सामना किया था और 14 चौकों के साथ 10 छक्के जड़े। उनकी स्ट्राइक रेट 226.32 की थी।
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 229 रन बनाए थे। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 9 विकेट पर 129 रन ही बना सकी थी।
#3
करणबीर सिंह (164 रन बनाम हंगरी, 2026)
इस सूची में तीसरे स्थान पर ऑस्ट्रिया क्रिकेट टीम के कप्तान करणबीर सिंह हैं। उन्होंने जून 2026 में हंगरी क्रिकेट टीम के खिलाफ 164 रन की शानदार पारी खेली थी।
इस खिलाड़ी ने 57 गेंदों का सामना कर ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 18 चौके और 12 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 287.72 की रही थी।
ऑस्ट्रिया ने 322/7 का स्कोर बनाया था। हंगरी 165 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
#4
ग्लेन मैक्सवेल (154 रन बनाम होबार्ट हरिकेंस, 2021-22)
चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल हैं। उन्होंने 2021-22 में बिग बैश लीग (BBL) में मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी करते हुए होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ 64 गेंदों पर 154 रन की तूफानी पारी खेली थी।
इस दौरान उनके बल्ले से 22 चौके और 4 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 240.62 की थी।
मैक्सवेल की इस पारी की बदौलत मेलबर्न ने 2 विकेट पर 273 रन बनाए थे। जवाब में होबार्ट 167/6 का स्कोर ही बना सकी थी।