Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: इन चुनिंदा भारतीय कप्तानों ने बनाए हैं 50 से अधिक की औसत से रन 
कप्तानी करते हुए जोरदार रहे थे कोहली के आंकड़े (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टेस्ट क्रिकेट: इन चुनिंदा भारतीय कप्तानों ने बनाए हैं 50 से अधिक की औसत से रन 

Jul 10, 2025
04:57 pm

क्या है खबर?

खेल के किसी भी प्रारूप में अगर कोई बल्लेबाज 50 की औसत से रन बनाता है, तो उसे उच्च स्तर का खिलाड़ी माना जाता है। टेस्ट क्रिकेट में अब तक गिनती के ही भारतीय बल्लेबाज अपने करियर के अंत तक इस आंकड़े को पार करने में सफल हुए हैं। इस बीच उन चुनिंदा भारतीय कप्तानों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने 50 से अधिक की औसत (कम से कम 1,000 रन वाले खिलाड़ियों की सूची) से रन बनाए हैं।

#1 

विराट कोहली (5,864 रन, औसत-54.80)

भारतीय दिग्गज विराट कोहली ने टेस्ट टीम की कप्तानी करते हुए कमाल किया था। उन्होंने कप्तानी करते हुए 113 पारियों में 54.80 की औसत के साथ 5,864 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 20 शतक और 18 अर्धशतक लगाए थे। अपने टेस्ट करियर में कोहली ने कुल 46.85 की औसत के साथ 9,230 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 254* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 30 शतक और 31 अर्धशतक लगाए थे।

#2 

सचिन तेंदुलकर (2,054 रन, औसत- 51.35)

पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर टेस्ट प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का अंत 200 मैचों में 53.78 की औसत से 15,921 रन के साथ किया था। वह सर्वाधिक 51 शतक वाले बल्लेबाज भी बने हुए हैं। उन्होंने 25 मैचों में कप्तानी की थी, जिसमें 51.35 की औसत के साथ 2,054 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 7 शतक अपने नाम किए थे।

#3 

सुनील गावस्कर (3,449 रन, औसत- 50.72)

पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने 47 टेस्ट में कप्तानी की थी, जिसकी 74 पारियों में 50.72 की औसत के साथ 3,449 रन बनाए थे। उन्होंने 205 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 11 शतक और 14 अर्धशतक लगाए थे। अपने टेस्ट करियर में उन्होंने 214 पारियों में 51.12 की औसत के साथ 10,122 रन बनाए, जिसमें 34 शतक शामिल थे। वह टेस्ट प्रारूप में 10,000 अंतरराष्ट्रीय रन वाले पहले बल्लेबाज बने थे।

जानकारी

गिल ने कप्तानी का किया है जोरदार आगाज 

गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज (एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025) के साथ ही अपनी कप्तानी का डेब्यू किया। उन्होंने शुरुआती 2 टेस्ट में 147, 8, 269 और 161 के स्कोर किए। इस बीच कप्तानी करते हुए उन्होंने 4 पारियों में 585 रन (औसत- 146) बनाए।