टी-20 विश्व कप के इतिहास में 7वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियां
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में फिलहाल सुपर-8 चरण के मैच खेले जा रहे हैं। इस टूर्नामेंट में अब तक कुछ बेहतरीन साझेदारियां हुई हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के मिचेल सैंटनर और कोल मैककॉन्ची ने श्रीलंका के खिलाफ मैच में 84 रन की साझेदारी की। यह टी-20 विश्व कप के इतिहास में 7वें विकेट की रिकॉर्ड साझेदारी साबित हुई। आइए इस टूर्नामेंट के इतिहास में 7वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियों पर एक नजर डालते हैं।
#1
मिचेल सैंटनर और कोल मैककॉन्ची (84 रन बनाम श्रीलंका, 2026)
श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में कीवी कप्तान सैंटनर और मैककॉन्ची ने मिलकर 47 गेंदों पर 84 रन जोड़े। इस बीच सैंटनर ने 26 गेंदों में 47 रन बनाए। वह अपने अर्धशतक से चूक गए। वहीं, मैककॉन्ची ने 23 गेंदों में नाबाद 31 रन की पारी खेली। इस साझेदारी की मदद से न्यूजीलैंड ने 168/7 का स्कोर बनाया। जवाब में श्रीलंकाई टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 107/8 का स्कोर ही बना सकी।
#2
माइकल हसी और स्टीव स्मिथ (74 रन बनाम बांग्लादेश, 2010)
टी-20 विश्व कप 2010 के 11वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 27 रन से हराया था। मैच में ऑस्ट्रेलिया ने एक समय सिर्फ 65 रन तक अपने 6 विकेट खो दिए थे। इसके बाद माइकल हसी (47*) और स्टीव स्मिथ (27) ने 7वें विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की थी, जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 141/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में बांग्लादेशी टीम 114 रन पर सिमट गई थी।
#3
गुलबदीन नायब और मोहम्मद नबी (71 रन बनाम पाकिस्तान, 2021)
टी-20 विश्व कप 2021 के 24वें मैच में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया था। उस मैच में अफगान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जब 76 रन तक अपने 6 विकेट खो दिए थे, तब गुलबदीन नायब (35*) और मोहम्मद नबी (35*) ने 71 रन की साझेदारी की थी। इस साझेदारी की बदौलत अफगान टीम ने 147/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में पाकिस्तान ने 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था।
#4
जान फ्राइलिंक और जेजे स्मिट (70 रन बनाम श्रीलंका, 2022)
टी-20 विश्व कप 2022 में नामीबिया ने श्रीलंका को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163/7 का स्कोर बनाया था, जिसमें जान फ्राइलिंक और जेजे स्मिट ने 7वें विकेट के लिए 70 रन जोड़े थे। फ्राइलिंक ने 28 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि स्मिट ने 16 गेंदों में नाबाद 31 रन की पारी खेली थी। नामीबिया ने 163/7 का स्कोर बनाया और श्रीलंकाई टीम 108 रन पर सिमट गई थी।