LOADING...
टी-20 विश्व कप के इतिहास में 10वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियां
इवांस और रिचर्ड नगारवा ने की रिकॉर्ड साझेदारी (तस्वीर: एक्स/@ZimCricketv)

टी-20 विश्व कप के इतिहास में 10वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियां

Feb 24, 2026
07:06 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में हार मिली। इस मैच में जीत के लिए मिले 255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 147 रन ही बना सकी। मैच में जिम्बाब्वे के ब्रेड इवांस और रिचर्ड नगारवा ने 10वें विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की। इस बीच टी-20 विश्व कप में 10वें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियों के बारे में जानते हैं।

#1 

ब्रेड इवांस और रिचर्ड नगारवा (44 रन बनाम वेस्टइंडीज, 2026)

वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने 103 रन तक अपने 9 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद इवांस ने बल्लेबाजी में कुछ आकर्षक शॉट लगाए। वह 21 गेंदों में 43 रन बनाकर 10वें विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 2 चौके और 5 छक्के लगाए। इवांस ने नगारवा के साथ मिलकर 19 गेंदों में 44 रन बनाए। नगारवा 7 रन बनाकर नाबाद रहे।

#2  

शेरफेन रदरफोर्ड और गुडाकेश मोती (37* रन बनाम न्यूजीलैंड, 2024)

टी-20 विश्व कप 2024 के 26वें मैच में वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को 13 रन से हराया था। ग्रुप-C के इस मैच में कैरेबियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 149/9 का स्कोर बनाया था, जिसमें शेरफेन रदरफोर्ड ने नाबाद 68 रन बनाए थे। रदरफोर्ड ने 10वें विकेट के लिए गुडाकेश मोती के साथ मिलकर 13 गेंदों में 37 रन की अटूट साझेदारी की थी। कीवी टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 136/9 का स्कोर ही बना सकी थी।

Advertisement

#3 

पॉल वैन मीकेरेन और फ्रेड क्लासेन (34 रन बनाम बांग्लादेश, 2022)

टी-20 विश्व कप 2022 के 17वें मैच में नीदरलैंड क्रिकेट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 9 रन से हार मिली थी। उस मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 144/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में डच टीम पूरे ओवर खेलने के बाद सभी विकेट खोकर 135 रन ही बना सकी थी। मैच में पॉल वैन मीकेरेन (24) और फ्रेड क्लासेन (7*) ने 10वें विकेट के लिए 34 रन जोड़े थे।

Advertisement

#4 

बैरी मैकार्थी और जोशुआ लिटिल (32* रन बनाम जिम्बाब्वे, 2022)

टी-20 विश्व कप 2022 के चौथे मैच में आयरलैंड को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में 31 रन से शिकस्त मिली थी। उस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 174/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में आयरिश टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 143/9 का स्कोर ही बना सकी थी। मैच में बैरी मैकार्थी (22*) और जोशुआ लिटिल (7*) की जोड़ी ने आखिरी विकेट के लिए 32 रन की अटूट साझेदारी की थी।

Advertisement