ICC रैंकिंग: हैरी ब्रूक बने दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज, जो रूट को पछाड़ा
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शानदार जीत दर्ज की थी। हालांकि, इस मुकाबले में जो रूट बल्लेबाजी में कुछ खास नहीं कर पाए और उन्हें इसका घाटा हुआ है। वह इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान से हट गए हैं। अब उनके ही हमवतन हैरी ब्रूक दुनिया के नए नंबर-1 बल्लेबाज हैं। उन्होंने पहले टेस्ट में अर्धशतकीय पारी भी खेली थी। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
शीर्ष
शीर्ष बल्लेबाजों पर एक नजर
रूट 851 रेटिंग अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। ट्रेविस हेड पहले तीसरे स्थान पर थे, अब दूसरे स्थान पर चले गए हैं। स्टीव स्मिथ 831 रेटिंग अंक के साथ चौथे स्थान पर हैं। केन विलियमसन को एक पायदान का घाटा हुआ है और वह छठे स्थान पर चले गए हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल को अफगानिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी खेलने का फायदा हुआ है। वह 2 पायदान का छलांग लगाते हुए 8वें स्थान पर आ गए हैं।
गेंदबाजी
इन खिलाड़ियों को भी हुआ फायदा
ICC टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को बड़ा फायदा हुआ है। वह 7 स्थान की छलांग लगाकर टेस्ट गेंदबाजों की सूची में 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, ऑलराउंडर रैंकिंग में भी 2 स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर आ गए हैं। काइल जैमीसन 22वें और इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन 23वें स्थान पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ 16 स्थान की बढ़त के साथ 43वें नंबर पर पहुंचे हैं।
वनडे
वनडे क्रिकेट में इन्हें मिला फायदा
पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को वनडे रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद वह 2 स्थान की छलांग लगाकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, उनके साथी तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने 3 मैचों में 7 विकेट चटकाए थे, जिसके दम पर वह 4 स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान की सीरीज जीत में दोनों गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई थी।
रैंकिंग
वनडे रैंकिंग में इन्हें भी मिला फायदा
वनडे रैंकिंग में नाथन एलिस 13 स्थान की छलांग लगाकर 31वें नंबर पर पहुंच गए हैं। नाहिद राणा मीरपुर वनडे में 4 विकेट लेने के बाद 23 स्थान ऊपर चढ़कर 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं। बल्लेबाजों की रैंकिंग में कुसल मेंडिस 4 स्थान की बढ़त के साथ संयुक्त 12वें और जनिथ लियानागे 6 स्थान ऊपर चढ़कर 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के तंजीद हसन भी 7 स्थान की छलांग लगाकर 33वें स्थान पर आ गए हैं।