हरमनप्रीत कौर बनाम मिताली राज: इन दोनों की कप्तानी में भारतीय टीम का कैसा रहा प्रदर्शन?
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर कप्तानी छोड़ चुकी हैं और स्मृति मंधाना टीम की नियमित कप्तान बनी हैं। हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने हाल ही में एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीता था। इस सफल अभियान के बाद हरमनप्रीत ने कप्तानी से इस्तीफा दिया। मिताली राज भी देश की सफल कप्तान साबित हुई थी। इस बीच हरमनप्रीत और मिताली के बतौर कप्तान तुलना करते हैं।
टी-20
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कप्तानी में हरमनप्रीत के रहे बेहतर आंकड़े
हरमनप्रीत ने 155 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी टीम की कप्तानी की है।
इस लंबे सफर में उन्होंने भारतीय टीम को 94 मैचों में शानदार जीत दिलाई, जबकि 54 मैचों में हार का सामना किया। इसी तरह 7 मुकाबले टाई या बेनतीजा रहे।
मिताली की कप्तानी में भारत ने 32 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिसमें से 17 में टीम जीती और 15 में हार का सामना किया।
दोनों की कप्तानी में भारत कभी टी-20 विश्व कप नहीं जीत सका।
टेस्ट
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने जीते थे 4 टेस्ट
महिला टेस्ट क्रिकेट के कम आयोजनों के बावजूद जब भी हरमनप्रीत को अगुवाई करने का मौका मिला, उन्होंने अपना लोहा मनवाया।
उन्होंने कुल 8 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया। इस दौरान भारत ने 4 मैचों में एकतरफा जीत दर्ज की, जबकि 3 मैच ड्रा रहे और 1 मैच में हार मिली।
मिताली की कप्तानी में भारत ने 3 टेस्ट जीते। इस बीच 4 मैच ड्रा रहे और 1 मैच में हार मिली।
वनडे कप्तानी
वनडे क्रिकेट में मिताली ने की 155 वनडे में कप्तानी
वनडे प्रारूप में हरमनप्रीत ने भारतीय टीम को एक बेहद संतुलित और मजबूत टीम बनाया।
उन्होंने कुल 51 वनडे मैचों में कप्तानी की और 33 मैचों में जीत दर्ज की। 16 मैचों में उन्हें हार मिली और 2 मुकाबले बेनतीजा रहे। उनका जीत प्रतिशत 64.70 का रहा है।
मिताली ने 155 वनडे में टीम की कप्तानी की थी, जिसमें से 89 में जीत (जीत प्रतिशत- 57.41) मिली और 63 में टीम हारी। इस बीच 3 मैच बेनतीजा रहे।
वनडे विश्व कप
विश्व कप में कैसी रही मिताली और हरमनप्रीत की कप्तानी?
मिताली विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा कप्तानी करने वाली खिलाड़ी हैं।
उन्होंने कुल 28 मैचों में टीम की कमान संभाली थी, जिसमें से 16 मैच भारत ने जीते और 11 में हार झेली। इस बीच 1 मैच बेनतीजा भी रहा।
हरमनप्रीत ने सिर्फ 1 संस्करण (2025) में टीम की कप्तानी की है। उनके नेतृत्व में टीम 5 मैच जीती और 3 में हार (बेनतीजा-1) का सामना किया।
मिताली का कप्तानी में जीत प्रतिशत (57.14), हरमनप्रीत (55.55) से बेहतर रहा।
जानकारी
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने जीता वनडे विश्व कप
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने खिताब (2025) जीता। दूसरी तरफ मिताली की कप्तानी में भारतीय टीम 2005 और 2017 मे उपविजेता रही थी। 2005 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से और 2017 के फाइनल में इंग्लैंड से भारतीय टीम हार गई थी।