हार्दिक पांड्या मानसिक दबाव से परेशान, MI से अब नहीं खेलेंगे- रिपोर्ट
क्या है खबर?
हार्दिक पांड्या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के निराशाजनक सत्र के बाद मुंबई इंडियंस (MI) छोड़ सकते हैं। वह मानसिक रूप से तनाव में हैं और पूरी तरह से थक गए हैं। PTI से जुड़े सूत्र के अनुसार, हार्दिक ने सीजन के बीच में ही टीम प्रबंधन को अपने फैसले की जानकारी दे दी थी। हार्दिक 2024 में टीम के कप्तान बने थे। IPL 2026 में टीम प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच पाई और अंक-तालिका में 9वें स्थान पर रही।
तनाव
मानसिक तनाव से थे ग्रसित
PTI से बातचीत में सूत्र ने कहा, "हार्दिक मानसिक रूप से तनाव में थे और पूरी तरह थक चुके थे। उन्हें पीठ में चोट भी लगी थी। प्लेऑफ की उम्मीद खत्म होने के बाद हार्दिक ने निर्णय लेने वाले लोगों को बता दिया था कि वह टीम के साथ नहीं रुकेंगे। हार्दिक 32 साल के हैं। कप्तान बनने के बाद पहले साल उन्हें दर्शकों के विरोध का सामना भी करना पड़ा था।"
बदलाव
ड्रेसिंग रूम का बदला माहौल
सूत्र ने आगे कहा, "एक युवा खिलाड़ी भी आखिर कितना दबाव झेल सकता है। पिछले 3 साल उसके लिए आसान नहीं रहे। 2021 में MI का जो ड्रेसिंग रूम वह छोड़कर गए थे, 2024 में लौटने पर वह वैसा नहीं था। सभी खिलाड़ी एकमत नहीं थे। अगर, अलग-अलग विचारों के बावजूद नतीजे मिलें तो निराशा नहीं होती, लेकिन जब हर कोई अलग दिशा में खींचे तो एक समय के बाद मानसिक रूप से आगे बढ़ना मुश्किल हो जाता है।"
समपर्ण
इस कारण पहुंची ठेस
सूत्र के अनुसार, हार्दिक को सबसे ज्यादा इस बात से ठेस पहुंची कि जो वरिष्ठ खिलाड़ी भारत के लिए टी-20 मुकाबलों में उनके खेलते समय 100 प्रतिशत समर्पण की मांग करते थे। वही खिलाड़ी फ्रेंचाइजी की कमान उनके हाथ में होने पर वैसा सहयोग नहीं दे रहे थे। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हार्दिक किसी दूसरी टीम के साथ अदला-बदली समझौता करना चाहते हैं या फिर नीलामी में उतरना पसंद करेंगे।
CSK
अगस्त में अगले कदम के बारे में बता सकते हैं हार्दिक
सूत्र ने आगे कहा, "एक बात तय है कि हार्दिक अब MI के साथ नहीं रहेंगे। अगस्त के करीब उनके अगले कदम को लेकर कुछ संकेत मिल सकते हैं।" मानसिक रूप से थका हुआ महसूस कर रहे हार्दिक के लिए टीम बदलने की स्थिति में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) एक अच्छा विकल्प हो सकता है। CSK के लिए भी IPL 2026 कुछ खास नहीं रहा था। यह टीम भी प्लेऑफ नहीं पहुंच पाई थी।
जानकारी
गेंदबाजी में ऐसा रहा प्रदर्शन
हार्दिक ने IPL 2026 में 10 मुकाबले खेले और इसकी 10 पारियों में 22.88 की औसत से 206 रन बनाने में सफल रहे। उनकी स्ट्राइक रेट 138.25 की रही। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 40 रन रहा। गेंदबाजी में उन्हें 9 पारियों में सिर्फ 4 विकेट मिले।