पूर्व पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी के नाम दर्ज हैं ये दिलचस्प रिकार्ड्स

पूर्व पाकिस्तानी स्टार ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी 42 साल के हो गए हैं। उनका जन्म 1 मार्च, 1980 को खैबर एजेंसी में हुआ था। वह हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2021-22 में खेलते हुए नजर आए थे। उनके नाम वनडे क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसके अलावा भी उन्होंने कई कीर्तिमान अपने नाम किए हैं। उन पर एक नजर डालते हैं।
अफरीदी ने 27 टेस्ट मैचों में 36.51 की औसत से 1,716 रन और 48 विकेट लिए हैं। टेस्ट में उनके नाम पांच शतक हैं। वहीं वनडे के 398 मैचों में अफरीदी के नाम 8,064 रन हैं। इस बीच उन्होंने छह शतक और 39 अर्धशतक भी लगाए हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 34.51 की औसत से 395 विकेट विकेट लिए हैं। वहीं 99 टी-20 मैचों में अफरीदी के नाम 1,416 रन और 98 विकेट हैं।
अफरीदी ने साल 1996 में श्रीलंका के खिलाफ महज 37 गेंदों में शतक लगाया था। तब उनकी उम्र 16 साल 217 दिन थी। वह आज भी वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। हालांकि, उनकी उम्र को लेकर विवाद रहा है। इस पारी के साथ ही उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। अब ये रिकॉर्ड एबी डिवलियर्स के नाम है, जिन्होंने 31 गेंदों में शतक लगाया था।
लगभग 19 साल लम्बे वनडे करियर में अफरीदी ने 8,027 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 395 विकेट लिए हैं। वह वनडे में 8,000 से ज्यादा रन और 350 से ज्यादा विकेट लेने वाले इकलौते ऑलराउंडर हैं। वह पाकिस्तान की ओर से वनडे में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वहीं गेंदबाजी में अफरीदी पाकिस्तान की ओर से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं। उनसे आगे वसीम अकरम (502) और वकार यूनिस (416) हैं।
351 छक्कों के साथ अफरीदी वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 331 छक्के जड़े हैं। वह पाकिस्तान की ओर से वनडे में सबसे तेज अर्धशतक (18 गेंद) लगाने वाले बल्लेबाज हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने तीन बार 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया है। अफरीदी वनडे क्रिकेट में शून्य पर 12 बार आउट हुए हैं। उनसे ज्यादा सिर्फ मलिंगा (13) बिना खाता खोले आउट हुए हैं।
टी-20 इंटरनेशनल में 1,400 से ज्यादा रन और 90 से ज्यादा विकेट लेने वाले शाहिद अफरीदी विश्व के इकलौते पुरुष ऑलराउंडर हैं। टी-20 में अफरीदी विश्व के पांचवे सबसे ज्यादा (98) विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनसे आगे शाकिब हसन, टिम साउथी, लसिथ मलिंगा और राशिद खान हैं। टी-20 में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा (40) विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अफरीदी के नाम है। अफरीदी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान से संयुक्त रूप से सर्वाधिक (71) छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं।