Page Loader
क्या शाहिद अफरीदी से सबसे कम उम्र में वनडे शतक लगाने का रिकॉर्ड छीन लेना चाहिए?

क्या शाहिद अफरीदी से सबसे कम उम्र में वनडे शतक लगाने का रिकॉर्ड छीन लेना चाहिए?

Mar 01, 2021
04:23 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी का आज जन्मदिन है। वह ICC रिकार्ड्स और स्पोर्ट्स वेबसाइट cricinfo के मुताबिक आधिकारिक तौर पर 41 साल के हुए हैं। हालांकि, उन्होंने इस अवसर पर ट्वीट करके खुद की उम्र 44 साल बताई है। उनके नाम वनडे क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। अगर वह आधिकारिक तौर पर दर्ज अपनी उम्र से बड़े हैं, तो वह इस रिकॉर्ड के हकदार नहीं होने चाहिए।

ट्विटर पोस्ट

देखिए अफरीदी का ट्वीट

रिकॉर्ड

1996 से अफरीदी के नाम दर्ज है यह रिकॉर्ड

अफरीदी ने साल 1996 में श्रीलंका के खिलाफ 11 छक्कों और छह चौकों की मदद से सिर्फ 37 गेंदों में शतक लगाया था। क्रिकेट रिकॉर्ड के अनुसार तब उनकी उम्र महज 16 साल 217 दिन दर्ज थी। इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने थे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगभग 25 साल से उनके नाम पर यह रिकॉर्ड आज भी बना हुआ है।

उस्मान गनी

उस्मान गनी हैं इस रिकॉर्ड के वास्तविक हकदार

अफरीदी के रिकॉर्ड के सबसे नजदीक अफगानिस्तान के उस्मान गनी हैं, जिन्होंने 17 साल 242 दिन की उम्र में वनडे क्रिकेट में शतक लगाया है। उन्होंने 2014 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 118 रनों की शतकीय पारी खेली थी। आज अपने जन्मदिन के मौके पर अफरीदी ने अपनी उम्र 44 साल बताई है। इस लिहाज से जब उन्होंने 1996 में शतक लगाया था, तब वह 19 साल 217 दिन के हुए। ऐसे में इस रिकॉर्ड के हकदार उस्मान गनी होते हैं।

विवाद

पहले भी रहा है उम्र को लेकर विवाद

पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी अफरीदी मैदान के बाहर भी अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। यह कोई पहला मौका नहीं है, जब उनकी उम्र को लेकर कोई विवाद खड़ा हुआ हो। इससे पहले साल 2019 में अफरीदी ने 'गेम चेंजर' नाम से आत्मकथा लिखी थी, जिसके अनुसार उन्होंने अपना वास्तविक जन्म साल 1975 का बताया था। इस लिहाज से वे आज 46 साल के हुए। हालांकि, अफरीदी ने अपनी उम्र छिपाने का इलजाम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों पर मढ़ा था।

अंतरराष्ट्रीय करियर

ऐसा रहा है अफरीदी अंतरराष्ट्रीय करियर

अफरीदी ने 27 टेस्ट मैचों में 36.51 की औसत से 1,716 रन और 48 विकेट लिए हैं। टेस्ट में उनके नाम पांच शतक हैं। वहीं वनडे के 398 मैचों में अफरीदी के नाम 8,064 रन हैं। इस बीच उन्होंने छह शतक और 39 अर्धशतक भी लगाए हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 34.51 की औसत से 395 विकेट विकेट लिए हैं। वहीं 99 टी-20 मैचों में अफरीदी के नाम 1,416 रन और 98 विकेट हैं।