यौन शोषण का आरोप झेल चुके न्यूजीलैंड के खिलाड़ी को हैम्पशायर ने टीम से हटाया
क्या है खबर?
हैम्पशायर ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर स्कॉट कुग्गेलीन को क्लब से हटा दिया है। उन्हें वारविकशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन सोशल मीडिया पर हुए विरोध के बाद उन्हें एक दिन बाद टीम से हटाया गया। क्लब ने बुधवार (2 सितंबर) को एक बयान जारी कर पुष्टि की कि कुग्गेलीन अब क्लब का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
आरोप
यौन शोषण का लग चुका है आरोप
कुग्गेलीन पर 2015 में बलात्कार का आरोप लगा और उन पर 2 बार मुकदमा चला था।
पहला मुकदमा 2016 में बिना किसी नतीजे के खत्म हुआ और एक साल बाद 2017 में दूसरे मुकदमे में उन्हें बरी किया गया था।
2023 में भी ऐसा ही विरोध देखने को मिला, जब न्यूजीलैंड ने उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में खेलने का मौका दिया था।
हालांकि, तब कीवी कोच गैरी स्टेड ने उन्हें टीम में शामिल करने का बचाव किया था।
बयान
हैम्पशायर ने जारी किया बयान
हैम्पशायर ने अपने बयान में कहा, "अपने स्टाफ और समर्थकों की राय पर विचार करने के बाद, हैम्पशायर क्रिकेट यह पुष्टि करता है कि स्कॉट कुग्गेलीन क्लब का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे। हम अपने प्रशंसकों के जुनून की कद्र करते हैं और उन सभी का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने अपनी राय साझा करने के लिए समय निकाला। अब हमारा ध्यान सीजन के आखिरी 4 काउंटी चैंपियनशिप मैचों में टीम का समर्थन करने पर है।"
जानकारी
आखिरी बार 2024 में न्यूजीलैंड से खेले थे कुग्गेलीन
34 वर्षीय कुग्गेलीन ने न्यूजीलैंड की ओर से 3 टेस्ट में 6 विकेट लिए थे। उन्होंने 2 वनडे में 5 विकेट और 18 वनडे में 16 विकेट भी अपने नाम किए थे। वह कीवी टीम से आखिरी बार 2024 में खेलते हुए नजर आए थे।