Page Loader
भारत बनाम अफगानिस्तान: गुलबदीन नायब ने खेली अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी, जानिए आंकड़े
गुलबदीन नायब ने जड़ा अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@ACBofficials)

भारत बनाम अफगानिस्तान: गुलबदीन नायब ने खेली अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी, जानिए आंकड़े

Jan 14, 2024
09:47 pm

क्या है खबर?

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर गुलबदीन नायब ने 3 मैचों की सीरीज के दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अर्धशतकीय (57) पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने महज 28 गेंदों में पूरा कर लिया। यह उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी भी है। उनकी इस आतिशी पारी की बदौलत ही अफगान टीम मैच में 172 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाने में कामयाब रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही गुलबदीन की पारी?

अफगानिस्तान का एक समय स्कोर 20 रन के स्कोर पर ही रहमनुल्लाह गुरबाज (14) के रूप में पहला झटका लग गया था। उस दौरान गुलबदीन बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे। उन्होंने आते ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए चारों ओर शॉट खेलना शुरू कर दिया। वह 35 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने। पारी में उनकी स्ट्राइक रेट 162.86 की रही।

करियर

कैसा रहा है गुलबदीन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

गुलबदीन ने मार्च 2012 में कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 62 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 51 पारियों में 20.33 की औसत और 122.40 की स्ट्राइक रेट के साथ 732 रन अपने नाम किए हैं। वह अब तक 2 अर्धशतक भी जड़ चके हैं। इसके अलावा, उन्होंने 40 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 8.19 की इकॉनमी से 26 विकेट भी चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/28 का रहा है।