Page Loader
IPL 2025: गुजरात टाइटन्स ने इन खिलाड़ियों को किया रिटेन
गुजरात ने इन खिलाड़ियों को बरकरार रखा है (तस्वीर: फाइल एक्स/@IPL)

IPL 2025: गुजरात टाइटन्स ने इन खिलाड़ियों को किया रिटेन

Oct 31, 2024
05:48 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के लिए गुजरात टाइटंस (GT) ने राशिद खान (18 करोड़ रुपये) को रिटेन किया है। इसके साथ-साथ GT ने शुभमन गिल (16.5 करोड़ रुपये) और साई सुदर्शन (8.5 करोड़ रुपये) को भी अपने साथ रखा है। राहुल तेवतिया (4 करोड़ रुपये) और शाहरुख खान (4 करोड़ रुपये) भी टीम के साथ बने रहेंगे। इन दोनों खिलाड़ियों को अनकैप्ड प्लेयर के रूप में टीम के साथ जोड़ा गया है। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

IPL 2024 में कैसा रहा था गुजरात का प्रदर्शन 

IPL 2024 में GT ने लीग स्टेज में अपने 5 मैच जीते और उसने 7 में शिकस्त का सामना किया। GT की टीम 12 अंको (-1.063) के बाद 8वें स्थान पर समाप्त हुई थी। टीम ने 14 मुकाबले खेले थे। शुभमन की टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई थी। बारिश के कारण GT के कई अहम मुकाबले रद्द भी हो गए थे, जिसके कारण अंकतालिका पर काफी असर पड़ा था। IPL 2022 में टीम चैंपियन भी बन चुकी है।

नीलामी

नवंबर में होगी नीलामी 

IPL 2025 से पहले होने वाली नीलामी नवंबर के आखिरी सप्ताह में सऊदी अरब में हो सकती है। इस बार सभी टीमों के पर्स में कुल 120 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जिसमें से रिटेंशन के बाद बचे हुए पैसे नीलामी में काम आने हैं। IPL टीमों के पहले 3 रिटेंशन पर उनके पर्स से क्रमश: 18, 14 और 11 करोड़ रुपये काटे जाएंगे। इसी तरह शेष 2 रिटेंशन पर 18 और 14 करोड़ रुपये कटेंगे।

कोच

आशीष नेहरा बने रहेंगे कोच 

IPL 2025 के लिए GT के कोचिंग स्टॉफ में बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में आशीष नेहरा और विक्रम सोलंकी टीम के साथ बने रह सकते हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, नेहरा अपना अनुबंध पूरा करेंगे। उन्हें GT के डेब्यू सीजन के बाद 3 साल के लिए साइन किया गया था। नेहरा के साथ-साथ क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी भी पद पर रहेंगे। IPL 2022 में GT ने फाइनल में राजस्थान रॉयल्स (RR) को हराते हुए खिताब जीता था।

जानकारी

गुजरात के पास कितने पैसे?

GT नीलामी में 69 करोड़ रुपये के साथ जाएगी। शुभमन टीम के कप्तान बने रहेंगे। फ्रेंचाइजी ने डेविड मिलर के रूप में बड़े खिलाड़ी को रिलीज किया है। ऐसा माना जा रहा है कि एक बार फिर वह इस खिलाड़ी पर दाव लगा सकते हैं।