Page Loader
IPL में अंबाती रायडू के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 
अंबाती रायडू IPL के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL में अंबाती रायडू के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 

Apr 05, 2024
05:35 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी अंबाती रायडू इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दिग्गज खिलाड़ियों में एक रहे हैं। उन्होंने इस लीग में अपने प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीता है। इस सीजन वह कॉमेंट्री करते हुए नजर आ रहे हैं। रायडू की आखिरी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) थी। वह मुंबई इंडियंस (MI) के लिए भी खेले। ऐसे में आइए इस लीग में उनकी पारियों पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

81* बनाम RCB, 2012 

IPL 2012 में रायडू मुंबई इंडियंस (MI) का हिस्सा थे। सीजन के 62वें मैच में उनका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से था। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 171 रन बनाए थे। जवाब में MI के 5 बल्लेबाज सिर्फ 51 रन पर पवेलियन लौट गए। रायडू ने इसके बाद 54 गेंद का सामना किया और 81 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 4 छक्के निकले। MI ने मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया।

#2

100* बनाम SRH, 2018 

IPL 2018 में रायडू CSK की टीम का हिस्सा थे। सीजन का 46वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ था। SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 179 रन बनाए थे। जवाब में रायडू के शानदार शतक की मदद से CSK को 8 विकेट से जीत मिली थी। रायडू ने 62 गेंद का सामना किया था और 100* रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 161.29 की रही थी।

#3

72* बनाम MI, 2021 

IPL 2021 में रायडू ने MI के खिलाफ धमाकेदार पारी खेली थी और सिर्फ 27 गेंद में 72 रन बना दिए थे। उनके बल्ले से 4 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 266.66 की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए थे। हालांकि, रायडू की यह पारी CSK को जीत नहीं दिला पाई। MI ने 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया था। किरोन पोलार्ड ने 87* रन की पारी खेली थी।

#4

55 बनाम हैदराबाद, 2010

IPL 2010 के 33वें मुकाबले में MI का हिस्सा रहे रायडू ने डेक्कन चार्जर्स अब SRH के खिलाफ 55* रन की शानदार पारी खेली थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 5 विकेट खोकर 178 रन बनाए थे। रायडू ने 29 गेंद का सामना किया था और उनके बल्ले से 6 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 189.65 की रही थी। उस मुकाबले को MI ने 63 रन से अपने नाम किया था।