Page Loader
महान टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने किया संन्यास का ऐलान, नवंबर में खेलेंगे आखिरी मैच
नडाल ने किया संन्यास का ऐलान (तस्वीर: एक्स/@RafaelNadal)

महान टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने किया संन्यास का ऐलान, नवंबर में खेलेंगे आखिरी मैच

Oct 10, 2024
03:23 pm

क्या है खबर?

स्पेन के महान टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने संन्यास का ऐलान किया है। वह अपना आखिरी मैच नवंबर में डेविस कप फाइनल में खेलेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ये घोषणा की है। इसके साथ ही टेनिस जगत का एक सुनहरा अध्याय समाप्त हो जाएगा। वह टेनिस इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी हैं। नडाल ने कुल 22 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

ट्विटर पोस्ट

ये है नडाल का पोस्ट 

ग्रैंड स्लैम 

दूसरे सर्वाधिक ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी हैं नडाल 

पुरुषों में नडाल से ज्यादा ग्रैंड स्लैम सिर्फ सर्बिया के नोवाक जोकोविच (24) ने जीते हैं। लाल बजरी के बादशाह नडाल ने सबसे ज्यादा 14 फ्रेंच ओपन जीते हैं। इसके अलावा उन्होंने 2 ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2 विंबलडन और 4 US ओपन खिताब भी अपने नाम किए हैं। इसके साथ-साथ वह 8 बार ग्रैंड स्लैम में उपविजेता भी रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार 2022 में अपना ग्रैंड स्लैम जीता था।

आंकड़े 

नडाल का फ्रेंच ओपन में हैं शानदार रिकॉर्ड 

नडाल एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो फ्रेंच ओपन में 14 फाइनल में अपराजित रहे हैं। केवल 3 खिलाड़ी ही ऐसे खिलाड़ी हुए हैं, जो एक ही स्लैम में 6 से अधिक फाइनल में अजेय रहे हैं। नडाल फ्रेंच ओपन में केवल रॉबिन सोडरलिंग, जोकोविच (2 बार) और अलेक्जेंडर ज्वरेव से हारे हैं। स्पेनिश खिलाड़ी का रोलां गैरा में जीत-हार का अविश्वसनीय रिकॉर्ड 112-4 है, जिसमें जीत का प्रतिशत 97 है।

चोट 

लगातार चोटों से जूझ रहे थे नडाल 

नडाल 2022 फ्रेंच ओपन जीतने के बाद से लगातार चोटों से जूझ रहे हैं, जो उनका आखिरी बड़ा खिताब है। तब से यह स्पेनिश खिलाड़ी केवल 2 ग्रैंड स्लैम में ही शामिल हुआ है। वह 2023 के ऑस्ट्रेलियन ओपन और इस साल के फ्रेंच ओपन में खेलते हुए नजर आए थे। इसके अलावा वह पेरिस ओलंपिक 2024 में भी शामिल हुए थे। हालांकि, वह पेरिस खेलों में कोई पदक नहीं जीत सके थे।