Page Loader
IPL 2024 में ये अहम रिकॉर्ड्स बना सकते हैं ग्लेन मैक्सवेल
बल्ले से कमाल करना चाहेंगे ग्लेन मैक्सवेल (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024 में ये अहम रिकॉर्ड्स बना सकते हैं ग्लेन मैक्सवेल

Mar 17, 2024
07:06 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का सामना चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से होना है। RCB अपने ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। वह अपने खेल से मैच में अंतर पैदा करने की काबिलियत रखते हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर ये ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी उपयोगी गेंदबाजी भी करता है। मैक्सवेल IPL 2024 में कुछ रिकॉर्ड्स बना सकते हैं, उन पर एक नजर डालते हैं।

IPL 

IPL में 3,000 रन बनाने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज 

मैक्सवेल ने अपने IPL करियर में अब तक 124 मैच खेले हैं, जिसमें 26.39 की औसत और 157.62 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,719 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 95 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 18 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। वह लीग में अपने 3,000 रन पूरे करने के करीब हैं। वह इस आंकड़े को छूने वाले डेविड वार्नर (6,397) और शेन वॉटसन (3,874) के बाद सिर्फ तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बन सकते हैं।

RCB

RCB की ओर से 1,500 रन पूरे कर सकते हैं मैक्सवेल

मैक्सवेल ने RCB की ओर से 42 मैच खेले हैं, जिसमें 34.68 की औसत और 161.43 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,214 रन अपने नाम किए हैं। इस बीच उन्होंने 12 अर्धशतक भी लगाए हैं। वह आगामी सीजन के दौरान RCB की ओर से अपने 1,500 रन पूरे कर सकते हैं। इस टीम से अब तक सिर्फ विराट कोहली (7,687), एबी डिविलियर्स (4,522) और क्रिस गेल (3,420) ने ही 1,500 से अधिक रन बनाए हुए हैं।

टी-20 रन

टी-20 क्रिकेट में 10,000 रन पूरे कर सकते हैं मैक्सवेल

मैक्सवेल ने अपने टी-20 करियर में 422 मैच खेले हैं, जिसमें 28.13 की औसत और 153.89 की स्ट्राइक रेट के साथ 9,651 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 52 अर्धशतक भी निकले हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 154 रन रहा है। वह आगामी सीजन के दौरान टी-20 क्रिकेट में अपने 10,000 रन पूरे कर सकते हैं। बता दें कि अब तक सिर्फ 13 बल्लेबाजों ने ये आंकड़ा छूआ है।

न्यूजबाइट्स प्लस

2013 में सबसे महंगे खिलाड़ी रह चुके हैं मैक्सवेल 

मैक्सवेल को IPL 2013 की नीलामी में मुंबई इंडियंस (MI) ने 6.30 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत में खरीदा था। वह उस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। उस सीजन में वह MI की ओर से सिर्फ 3 मैच ही खेल सके थे। वह MI और RCB के अलावा पंजाब किंग्स (PBKS) की ओर से भी खेल चुके हैं। मैक्सवेल 2021 से RCB का हिस्सा हैं और लगातार चौथे सीजन में इस टीम से खेलने के लिए तैयार हैं।