LOADING...
संजू सैमसन के बाहर होने पर गौतम गंभीर की सफाई, कहा- सही टीम संयोजन है जरूरी
सैमसन को जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में भी नहीं मिला है मौका (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

संजू सैमसन के बाहर होने पर गौतम गंभीर की सफाई, कहा- सही टीम संयोजन है जरूरी

Jul 08, 2026
10:56 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे टी-20 में 125 रन से निराशाजनक हार मिली। ट्रेंट ब्रिज में खेले गए मैच में भी संजू सैमसन को मौका नहीं मिला और वैभव सूर्यवंशी सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरे। वहीं सैमसन को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज की टीम में भी नहीं चुना गया। अब गौतम गंभीर ने सैमसन को टीम से बाहर करने को लेकर प्रतिक्रिया दी है। जानते हैं उन्होंने क्या कहा है।

बयान 

सैमसन को उनकी भूमिका के बारे में बताया गया है- गंभीर 

गंभीर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सैमसन को भारतीय टी-20 टीम में उनकी भूमिका के बारे में पूरी तरह से साफ-साफ बता दिया है। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा, "सबसे पहली बात तो यह है कि सैमसन को जिस स्पष्टता की जरूरत थी, वह मेरी तरफ से उन्हें दे दी गई है। यह बातचीत पूरी तरह से खिलाड़ी और प्रमुख कोच के बीच की है। यह बातचीत बाहर नहीं आएगी।"

बयान 

टीम संयोजन को ध्यान में रखते हुए मिलते हैं खिलाड़ियों को मौके- गंभीर

गंभीर ने आगे कहा, "संजू ने टी-20 विश्व कप के दौरान भारत के लिए जो किया, वह शानदार था और कभी-कभी आपको खिलाड़ी की फॉर्म पर ध्यान देना पड़ता है। और ऐसा कोई सख्त नियम नहीं है कि वह इस सीरीज में वापसी नहीं कर सकते। सबसे जरूरी यह है कि आखिर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नतीजे ही मायने रखते हैं। हमें जो संयोजन नतीजे दिलाने के लिए सबसे अच्छा लगता है, हम उसी प्लेइंग इलेवन के साथ खेलते हैं।"

Advertisement

प्रदर्शन 

खराब फॉर्म में चल रहे हैं सैमसन 

सैमसन का हालिया प्रदर्शन खास नहीं रहा। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 5 और 0 रन बनाए थे। इसी तरह इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में 1 रन बनाकर आउट हो गए थे। उसके बाद दूसरे मैच से सूर्यवंशी को उनकी जगह मौका दिया गया। 15 वर्षीय सूर्यवंशी भी अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्रभावित नहीं कर सके। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे और तीसरे टी-20 में 14 और 13 रन के स्कोर किए।

Advertisement

बयान 

टी-20 सीरीज हारने पर क्या बोले गंभीर?

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज गंवाने के बाद गंभीर ने इन परिणामों की भी समीक्षा की। भारतीय कोच ने कहा, "हालात के हिसाब से ढलने की बात करें तो जाहिर है कि हम ऐसा ठीक से नहीं कर पाए। आयरलैंड हो या इंग्लैंड, सच्चाई यही है। अगर हम हालात के हिसाब से बेहतर ढल पाते या बेहतर क्रिकेट खेलते, तो शायद हम लगातार चार मैच नहीं हारते।"

Advertisement