पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज डेविड जॉनसन का 52 साल में हुआ निधन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज डेविड जॉनसन (52) का निधन हो गया। वह बेंगलुरु में अपने घर की बालकनी से गिरकर मृत पाए गए हैं।
1996 में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल चुके जॉनसन स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और उन्हें 3 दिन पहले ही स्थानीय अस्पताल से छुट्टी मिली थी।
वह घरेलू क्रिकेट में कर्नाटक की ओर से खेलते थे।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
घटना
सिगरेट पीने के लिए बालकनी में गए थे जॉनसन
जॉनसन के करीबी दोस्त ने क्रिकेटनेक्स्ट डॉट कॉम को बताया कि जब वह सिगरेट पीने के लिए बालकनी में गए थे, तब यह दुर्घटना हुई है।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि जॉनसन दुर्घटनावश फिसले हैं या इसके पीछे कोई और कारण था।
इस बीच ऐसी भी संभावना जताई जा रही है कि उन्होंने खुदखुशी की है। स्वास्थ्य समस्याओं के साथ-साथ वह आर्थिक रूप से भी परेशान चल रहे थे।
पोस्ट
जॉनसन के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ- अनिल कुंबले
जॉनसन को याद करते हुए टीम के पूर्व साथियों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
पूर्व भारतीय खिलाड़ी और जॉनसन के कर्नाटक टीम के साथी अनिल कुंबले ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, 'मेरे क्रिकेट साथी डेविड जॉनसन के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना।'
कुंबले के अलावा पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और BCCI के सचिव जय शाह ने भी दुख व्यक्त किया है।
टेस्ट
भारत की ओर से 2 टेस्ट खेल चुके थे जॉनसन
जॉनसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1996 में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
अपने डेब्यू टेस्ट में उन्होंने सिर्फ 1 विकेट लिया था। सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में भारत ने वो मुकाबला जीता था। इसके बाद उसी साल दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ डरबन में उन्होंने अपना दूसरा टेस्ट खेला, जिसमें उन्होंने 2 विकेट लिए थे।
यह उनके टेस्ट करियर का आखिरी मुकाबला साबित हुआ। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में मौका नहीं मिल सका था।
आंकड़े
जॉनसन ने खेले थे 39 प्रथम श्रेणी मैच
जॉनसन ने 1992-93 में कर्नाटक की ओर से अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी।
दाएं हाथ के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने 39 प्रथम श्रेणी मैचों में 28.63 की औसत के साथ 125 विकेट लिए थे। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 55 रन देते हुए 8 विकेट लेना रहा था।
अपने लिस्ट-A करियर में उन्होंने 33 मैचों में 31.46 की औसत से 41 विकेट अपने नाम किए थे।