न्यूजीलैंड की पिचों पर भड़के पूर्व भारतीय खिलाड़ी, जानिए क्यों सुनाई खरी-खोटी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार खिलाड़ी अंबाती रायडू ने न्यूजीलैंड की ओर से तैयार की गई पिचों की आलोचना की है। 6 बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे रायडू ने कहा कि न्यूजीलैंड की रणनीति टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने पर आधारित हो सकती है। हालांकि, अब तक यह रणनीति कारगर साबित नहीं हुई है। सीरीज में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर 7 में से 6 बार टॉस गंवा चुके हैं।
बयान
रायडू ने क्या कहा?
रायडू ने क्रिकबज से कहा कि न्यूजीलैंड इस उम्मीद में दांव लगा रही है कि भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करे और उसके गेंदबाज शुरुआती ओवरों में ही मुकाबले पर पकड़ बना लें।
हालांकि, कई बार किस्मत साथ नहीं देती। उन्होंने इस रणनीति को सही नहीं बताया।
रायडू के मुताबिक, ऐसी पिच तैयार होनी चाहिए जिस पर दोनों पारियों में लगभग एक जैसी परिस्थितियां रहें। ऐसा नहीं होने पर टीमों को इस तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
मजाक
मुरली कार्तिक ने उड़ाया न्यूजीलैंड के टीम का मजाक
पूर्व भारतीय स्पिनर मुरली कार्तिक ने मजाकिया अंदाज में कहा कि न्यूजीलैंड को टॉस के लिए किसी दूसरे खिलाड़ी को कप्तान बनाकर भेजना चाहिए, ताकि सैंटनर की खराब किस्मत से छुटकारा मिल सके।
उन्होंने कहा कि विराट कोहली के साथ भी ऐसा हुआ था, जब फाफ डु प्लेसिस घरेलू मैदान पर लगातार टॉस हार रहे थे।
कार्तिक के मुताबिक, सैंटनर सीरीज के 7 में से 6 टॉस गंवा चुके हैं और सिर्फ एक बार जीत पाए हैं।
सीरीज
दोनों मुकाबलों में मिली है भारतीय टीम को जीत
सीरीज के अब तक खेले गए दोनों वनडे मुकाबलों में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
उनका यह निर्णय मैच में काफी अहम साबित हुआ। पहले वनडे में न्यूजीलैंड की टीम ऑकलैंड में सिर्फ 180 रन पर सिमट गई थी।
वहीं, वेलिंगटन में खेले गए दूसरे वनडे में कीवी टीम का प्रदर्शन इससे भी खराब रहा और पूरी टीम महज 134 रन बनाकर पवेलियन लौट गई।