विराट कोहली को उनकी गलती बताने से लगता था डर, पूर्व कोच का बड़ा खुलासा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सहायक कोच रयान टेन डेशकाटे ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान विराट कोहली के साथ हुई एक अहम बातचीत का खुलासा किया है। उस दौरे पर कोहली खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और बार-बार ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर ड्राइव लगाने के प्रयास में अपना विकेट गंवा रहे थे। टेन डेशकाटे ने बताया कि कोहली जैसे बड़े खिलाड़ी से उनकी तकनीकी कमजोरी पर बात करना चुनौतीपूर्ण था। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा?
बयान
टेन डेशकाटे ने क्या कहा?
टेन डेशकाटे ने कहा, "मुझे लगता है कि कई कोच खिलाड़ियों के खेल में दखल देने से डरते हैं। ऐसा लगता है कि वे अपनी नौकरी को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं या बिना वजह सलाह दे रहे हैं। कोच को यह संतुलन बनाकर चलना होता है कि उनकी सलाह खिलाड़ी के प्रदर्शन में सुधार करे न कि उसे उलझन में डाले। किसी खिलाड़ी की मदद करने और उसे भ्रमित करने के बीच का अंतर समझना जरूरी है।"
कोशिश
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 टेस्ट के बाद टेन डेशकाटे ने की थी कोहली से बात
टेन डेशकाटे ने आगे कहा, "मैं ऐसा कोच कभी नहीं बनना चाहता जो अपनी राय रखने या सही बात कहने से डरता हो। मैं कोहली से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा बताता हूं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें ड्राइव लगाने के प्रयास में बार-बार अपना विकेट गंवाना पड़ रहा था। चौथे टेस्ट में मैंने उनसे इस बारे में बात करने का फैसला किया। उन्होंने इस पर शानदार प्रतिक्रिया दी। दरअसल, वह भी चाहते थे कि कोई उनसे इस बारे में बात करे।"
जोखिम
कोहली जैसे खिलाड़ी को उनकी गलती बताना जोखिम भरा
टेन डेशकाटे कोहली से बातचीत को लेकर कहा, "मुझे लगता है कि कोहली जैसे खिलाड़ी के पास जाकर उनके खेल में दखल देना और उन्हें उनकी गलती बताना कोच के लिए जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में अपनी बात रखने के लिए सही शब्दों का चयन करना और उसे किस तरह पेश करना है, यह बेहद महत्वपूर्ण होता है। आधुनिक क्रिकेट में कई कोच किसी मुद्दे को उठाने या उस पर बातचीत शुरू करने से भी डरते हैं।"
सहमत
आपका खिलाड़ी से सहमत होना जरूरी नहीं- टेन डेशकाटे
पूर्व कोच ने अपने बयान में आगे कहा, "आपका खिलाड़ी से सहमत होना जरूरी नहीं है। आप उससे कह सकते हैं कि मैं इन वजहों से आगे बढ़कर ड्राइव शॉट खेलना चाहता हूं। कोहली के साथ भी ऐसा ही हुआ था। उन्होंने विस्तार से बताया कि वह उस खास अंदाज में क्यों खेलना चाहते हैं। इसके बाद उनकी सोच को ध्यान में रखते हुए खेल में जरूरी बदलाव किए जा सकते हैं।"