Page Loader
मेसी ने पूरे किए 700 करियर गोल, जानें सबसे ज़्यादा गोल दागने वाले पांच फुटबॉलर्स

मेसी ने पूरे किए 700 करियर गोल, जानें सबसे ज़्यादा गोल दागने वाले पांच फुटबॉलर्स

लेखन Neeraj Pandey
Jul 01, 2020
01:09 pm

क्या है खबर?

बीती रात बार्सिलोना और एटलेटिको मैड्रिड ने 2-2 का ड्रॉ खेला और मैच के तीन गोल पेनल्टी के तौर पर आए। बार्सिलोना के लिए गोल दागने वाले इकलौते खिलाड़ी लियोनल मेसी ने पनेका पेनल्टी पर गोल दागी और प्रोफेशनल करियर में अपने 700 गोल पूरे किए। मेसी से पहले भी कई खिलाड़ी 700 गोल पूरे कर चुके हैं। एक नजर डालते हैं प्रोफेशनल फुटबॉल में पांच सबसे ज़्यादा गोल दागने वाले फुटबॉलर्स पर।

#1

सबसे ज़्यादा प्रोफेशनल गोल दागने वाला फुटबॉलर

1928 से 1955 तक क्लब फुटबॉल खेलने वाले जोसेफ बिकन ने सबसे ज़्यादा 805 गोल दागे हैं। 800 गोल दागने वाले इकलौते फुटबॉलर बिकन ने इसके लिए केवल 530 मैच ही खेले थे। उन्होंने स्लाविया प्राहा के लिए सबसे ज़्यादा 217 मैचों में 395 गोल दागे हैं। यदि उनके पूरे प्लेइंग करियर की बात की जाए तो कहा जाता है कि उन्होंने 1,450 से ज़्यादा गोल दागे हैं।

#2

750 से ज़्यादा गोल दागने वाला ब्राज़ीली

1994 फीफा विश्वकप जीतने और टूर्नामेंट में गोल्डेन बॉल विजेता रहने वाले पूर्व ब्राजीली स्ट्राइकर रोमारियो ने अपने करियर में 772 गोल दागे हैं। 1985 से 2009 तक के प्रोफेशनल करियर में 11 क्लबों के लिए खेला है। उन्होंने ब्राजील के लिए 70 मैचों में 55 गोल दागे हैं। वह ब्राजीलियन लीग में 152 गोल के साथ दूसरे सबसे ज़्यादा गोल दागने वाले फुटबॉलर भी हैं।

#3

ब्राजील के साथ तीन विश्वकप जीतने वाला खिलाड़ी

विश्व फुटबॉल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक माने जाने वाले पेले ने ब्राजील के साथ तीन बार विश्वकप खिताब जीता। पेले ने अपने लीग करियर में 656 मैचों में 643 गोल दागे जो लगभग प्रति मैच एक गोल के बराबर है। उन्होंने अपने करियर में 831 मैचों में 767 प्रोफेशनल गोल दागे हैं। अनाधिकारिक दोस्ताना मैचों को मिलाकर उन्होंने 1363 मैचों में 1,281 गोल दागे हैं।

#4

एक्टिव फुटबॉलर्स में सबसे ज़्यादा गोल दाग चुका फुटबॉलर

क्रिस्टियानो रोनाल्डो को वर्तमान समय के सबसे बेहतरीन फुटबॉलर्स में से एक माना जाता है। रोनाल्डो ने फुटबॉल के लगभग हर रिकॉर्ड पर अपना कब्जा जमाया है और उनके गोल दागने की क्षमता से हर कोई वाकिफ है। स्पोर्टिंग सीपी, मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड के लिए खेल चुके और युवेंटस के लिए खेल रहे रोनाल्डो क्लब करियर में 843 मैचों में 629 गोल दाग चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 164 इंटरनेशनल मैचों में भी 99 गोल दागे हैं।

#5

हंगरी और स्पेन की लीग्स में जलवा बिखेरने वाले फुटबॉलर

हंगरी के पूर्व स्ट्राइकर फ्रेंक पुस्कास को फुटबॉल के सबसे बेहतरीन स्ट्राइकर्स में से एक माना जाता है। उन्होंने हंगरी की लीग में खेलते हुए 367 मैचों में 380 और स्पैनिश लीग में रियल मैड्रिड के लिए 262 मैचों में 242 गोल दागे हैं। क्लब करियर में 629 मैचों में 622 गोल दागने वाले पुस्कास ने हंगरी के लिए 85 मैचों में 84 गोल दागे हैं। उन्होंने स्पेन के लिए भी चार मैच खेले हैं।