Page Loader
WWE: 5 महिला रेसलर्स जो 'मां' बनने के बाद भी रिंग में मचाती है धमाल

WWE: 5 महिला रेसलर्स जो 'मां' बनने के बाद भी रिंग में मचाती है धमाल

लेखन Neeraj Pandey
Dec 13, 2018
06:46 pm

क्या है खबर?

WWE स्टार्स को साल भर कड़े शेड्यूल के तहत काम करना पड़ता है। पहले WWE में महिला रेसलर्स मां बनने के बाद रिंग छोड़ देती थीं और कंपनी भी गर्भवती महिला रेसलर्स को एकदम से छोड़ देती थी। हालांकि अब चीजें बदल गई हैं और कई महिला रेसलर्स मां बनने के बाद भी रिंग में फाइट कर रही हैं। जानें 5 महिला रेसलर्स के नाम जिन्होंने मां बनने के बाद भी रिंग में वापसी की है।

मिकी जेम्स

2014 में मां बनी फिर की रिंग में वापसी

WWE में मिकी जेम्स ने जो किया है उसको देखते हुए उन्हें भविष्य का हाल ऑफ फेमर माना जाता है। 2000 में जब महिला डिवीजन के मैच मुश्किल से देखने को मिलते थे तब मिकी शानदार फाइट लड़ती थीं। 2014 में मिकी मां बनी थीं। उनकी वापसी ने एक आश्चर्यजनक चीज दिखाई कि WWE वूमेन रोस्टर पर एक मां का स्वागत कर रहा था। जेम्स का बेटा अब भी अपनी मां को फाइट करते हुए देखता है।

मारिया केनलिस

खूूबसूरत डिवा ने दिया पुत्री को जन्म

मारिया केनलिस और उनके पति माइक केनलिस का स्मैकडाउन पर पुश काफी जल्दी खत्म हो गया था। हालांकि जब माइक ने रोस्टर पर वापसी की तो उनके साथ उनकी पत्नी मारिया नही थीं। मारिया के न होने के पीछे की वजह उनका गर्भवती होना था। रेसलमेनिया 34 के दौरान मारिया ने पुत्री को जन्म देने की घोषणा की थी। बच्चे को जन्म देने के बाद मारिया कुछ ही महीनों में WWE पर वापसी कर चुकी थीं।

टमिना स्नूका

WWE की सबसे कम मशहूर मां

WWE के एक्टिव रोस्टर पर सबसे कम मशहूर मां टमिना स्नूका हैं। अन्य महिला रेसलर्स के मुकाबले टमिना के जीवन के बारे में WWE सबसे कम जानकारी देता है। टमिना को टोटल डिवाज में जगह नहीं मिलती तथा उन्हें टीवी पर भी ज़्यादा नहीं दिखाया जाता है। इस बात का खुलासा हुआ था कि टमिना की दो बेटियां हैं। वह केवल फैमिली ट्रेडीशन के लिए नहीं बल्कि अपनी बेटियां को पालने के लिए रेसलिंग करती हैं।

स्टेफनी मैकमैहन

तीन बच्चों की मां होने के बावजूद करती हैं WWE के लिए अनगिनत काम

स्टेफनी मैकमैहन कंपनी के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं क्योंकि वह WWE के लिए अनगिनत चीजें करती हैं। WWE के लिए हाल के वर्षों में कुछ कहानियां बेहद सफल रही हैं और यह सब स्टेफनी की बदौलत ही हुआ है। WWE में ऑऩ-स्क्रीन करैक्टर होने और रोज ऑफिस में काम करने के अलावा स्टेफनी तीन बच्चों की मां भी हैं। उनके बच्चे WWE के दीवाने हैं और कई बार उन्हें बड़े मैचों के दौरान दर्शक दीर्घा में देखा जा सकता है।

लेसी इवांस

बेटी को देखकर इवांस लेती हैं प्रेरणा

लेसी इवांस NXT पर मौजूद उन महिला रेसलर्स में से एक हैं जिनके पास महिला डिवीजन में चमक बिखेरने का शानदार मौका है। इवांस को फिलहाल हील के रूप में तैयार होने के लिए समय दिया जा रहा है। इवांस की बेटी चार साल की हो चुकी है और वह अपनी मां को फाइट करते हुए देखकर काफी खुश होती है। एक बेटी की मां होना उन्हें सफलता हासिल करने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है।