Page Loader
दक्षिण अफ्रीका वनडे विश्व कप की एक पारी में 3 शतक लगाने वाली पहली टीम बनी
3 बल्लेबाजों ने लगाया शतक (तस्वीर: एक्स/@ICC)

दक्षिण अफ्रीका वनडे विश्व कप की एक पारी में 3 शतक लगाने वाली पहली टीम बनी

Oct 07, 2023
07:03 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार को दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों का बल्ला जमकर बोला। वनडे विश्व कप 2023 के चौथे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 428 रन बना दिए। यह विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर है। प्रोटियाज टीम की ओर से 3 बल्लेबाजों ने शतक लगाए। इसके साथ दक्षिण अफ्रीका विश्व कप की एक पारी में 3 शतक लगाने वाली पहली टीम बन गई।

प्रदर्शन

इन बल्लेबाजों ने लगाए शतक 

दक्षिण अफ्रीका की ओर से क्विंटन डिकॉक ने 119.05 की स्ट्राइक रेट से 84 गेंदों पर 100 रन जड़े। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 3 छक्के लगाए। रासी वैन डेर डुसेन ने 110 गेंदों पर 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 108 रन बनाए। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 98.18 की रही। एडेन मार्करम ने 49 गेंदों पर शतक लगाया। यह विश्व कप के इतिहास का सबसे तेज शतक है। उन्होंने 54 गेंदों पर 106 रन बनाए।

प्रदर्शन

वनडे में 4 बार हुआ ऐसा

वनडे क्रिकेट के इतिहास में अब तक 4 बार ऐसा हुआ है जब एक टीम के लिए एक पारी में 3 बल्लेबाजों ने शतक लगाया हो। 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ जोहान्सबर्ग में और इसी साल प्रोटियाज ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वानखेड़े में यह कारनामा किया था। इसके अलावा 2022 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के 3 बल्लेबाजों ने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अम्स्टेलवीन में शतक लगाए थे।