फीफा विश्व कप 2026: ईरान और न्यूजीलैंड के बीच 2-2 से ड्रॉ रहा रोमांचक मुकाबला
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-G में ईरान और न्यूजीलैंड फुटबॉल टीम के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। लॉस एंजिल्स स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। पहले हाफ के 7वें मिनट में न्यूजीलैंड और 32वें मिनट में ईरान ने गोल दागकर बराबरी हासिल की। इसके बाद दूसरे हाफ के 55वें मिनट में न्यूजीलैंड और 64वें मिनट में ईरान ने गोल कर मैच को ड्रॉ करा लिया।
हाफ-1
ऐसा रहा पहले हाफ का खेल
ईरान और न्यूजीलैंड ने पहले हाफ में बेहतरीन खेल दिखाया। न्यूजीलैंड ने शानदार शुरुआत करते हुए 7वें मिनट में एलिजा जस्ट के गोल से बढ़त हासिल कर ली। कप्तान क्रिस वुड के असिस्ट पर उन्होंने बेहतरीन पास को अंतिम रूप देते हुए न्यूजीलैंड को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, ईरान ने जोरदार जवाब दिया और 32वें मिनट में उसे सफलता भी मिल गई। रामिन रेजाइयन ने करीब से गोल दागकर ईरान के समर्थकों को जश्न की लहर में धकेल दिया।
हाफ-2
ऐसा रहा दूसरे हाफ का खेल
पहले हाफ के बाद न्यूजीलैंड ने फिर से बढ़त हासिल की। जस्ट ने 54वें मिनट में एक बार फिर गोल दाग दिया। वुड के एक और शानदार असिस्ट पर विंगर ने ईरान के गोलकीपर अलीरेजा बेइरानवंद को आसानी से पछाड़ते हुए अपना दूसरा गोल पूरा किया। हालांकि, ईरान ने हार नहीं मानी और मैच में दूसरी बार बराबरी का गोल दाग दिया। मोहम्मद मोहेबी ने 64वें मिनट में शानदार हेडर से गोल करके स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।
आंकड़े
मैच में कैसा रहा दोनों टीमों का प्रदर्शन?
न्यूजीलैंड ने गोल करने की 13 बार कोशिश की और 8 बार टारगेट पर शॉट लगाए। ईरान ने 17 बार कोशिश की और 4 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इस रोमांचक मैच में न्यूजीलैंड ने 53 प्रतिशत समय तक बॉल पर कब्जा जमाए रखा। उन्होंने 86 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 423 पास पूरे किए। ईरान ने 47 प्रतिशत गेंद को अपने नियंत्रण में रखा और 391 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 79 प्रतिशत की रही।
रिकॉर्ड
फीफा विश्व कप में टूटा 68 साल का रिकॉर्ड
ईरान और न्यूजीलैंड के बीच यह मुकाबला ड्रॉ होने के साथ ही फीफा विश्व कप में एक दुर्लभ रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। यह मुकाबला एक दिन में ड्रॉ हुआ चौथा मुकाबला रहा है। यह विश्व कप के इतिहास में 68 वर्षों में पहली बार हुआ है। इससे पहले, 1958 में स्वीडन में हुए फीफा विश्व कप के दौरान सभी मैच एक ही दिन ड्रॉ पर समाप्त हुए थे। सोमवार को 4 मैचों का कोई विजेता घोषित नहीं हो सका।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
It ends in a draw. 🟰#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 16, 2026