LOADING...
फीफा विश्व कप 2026: स्वीडन ने ट्यूनीशिया को 5-1 से हराते हुए की जोरदार शुरुआत 
स्वीडन ने ट्यूनीशिया को 5-1 से हराया (तस्वीर: एक्स/@svenskfotboll)

फीफा विश्व कप 2026: स्वीडन ने ट्यूनीशिया को 5-1 से हराते हुए की जोरदार शुरुआत 

Jun 15, 2026
10:00 am

क्या है खबर?

फीफा विश्व कप 2026 में स्वीडन फुटबॉल टीम ने अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की है। इस यूरोपियन देश ने अपने पहले मैच में ट्यूनीशिया फुटबॉल टीम को 5-1 से हराते हुए 3 अंक बटोरे। स्वीडन की ओर से जीत के नायक यासीन अयारी रहे, जिन्होंने 2 गोल किए। उनके अलावा अलेक्जेंडर इसाक, विक्टर ग्योकेरेस और मटियास स्वानबर्ग ने 1-1 गोल किए। ट्यूनीशिया से ओमर रेकिक ने इकलौता गोल किया।

पहला हाफ

पहले हाफ में लगे कुल 3 गोल

मैच के 7वें मिनट में 22 वर्षीय यासीन अयारी ने जोरदार गोल करते हुए टीम को बढ़त दिला दी। मैच के 30वें मिनट में अलेक्जेंडर इसाक ने गोल करते हुए बढ़त को दोगुना किया। यह इसाक का 18वां अंतरराष्ट्रीय गोल रहा। लगातार दबाव में नजर आ रही ट्यूनीशिया की टीम से मैच के 43वें मिनट में ओमर रेकिक ने गोल किया। पहले हाफ के बाद स्कोर 2-1 से स्वीडन के पक्ष में रहा।

दूसरा हाफ 

दूसरे हाफ में स्वीडन ने मारे 3 गोल 

पहले हाफ में बढ़त बनाने वाली स्वीडिश टीम ने दूसरे हाफ में भी अपना वर्चस्व बरकरार रखा और नियमित अंतराल पर गोल दागे। मैच के 59वें मिनट में टीम के स्टार खिलाड़ी ग्योकेरेस ने गोल करने में सफलता हासिल की। इसके बाद सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे स्वानबर्ग ने 84वें मिनट में गोल किया। मैच की समाप्ति से ठीक पहले स्टॉपेज टाइम में अयारी ने गोल करते हुए जोरदार जीत दिलाई।

Advertisement

जानकारी

मैटियास स्वानबर्ग ने तेज गोल का बनाया ये रिकॉर्ड

ऑप्टा के अनुसार, स्वीडन के लिए मैच में आने के 18 सेकंड बाद मैटियास स्वानबर्ग का गोल, 1966 के बाद से FIFA विश्व कप मैच में किसी सब्स्टिट्यूट द्वारा किया गया दूसरा सबसे तेज गोल है। उनसे आगे सिर्फ रिचर्ड मोरालेस (6 सेकंड) हैं।

Advertisement

आंकड़े 

स्वीडन ने 8 बार गोल को टारगेट किया 

स्वीडन ने गोल करने की 13 बार कोशिश की और 8 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ ट्यूनीशिया ने 5 बार कोशिश की और सिर्फ 2 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इस एकतरफा मैच में जीतने वाली टीम के पास 49 प्रतिशत समय बॉल का कब्जा रहा। उन्होंने 82 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 320 पास पूरे किए। ट्यूनीशिया ने 331 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 80 प्रतिशत की रही।

अंक तालिका 

ग्रुप-F में स्वीडन शीर्ष पर पहुंची 

इस जोरदार जीत के साथ स्वीडन की टीम ग्रुप-F में फिलहाल शीर्ष पर पहुंच गई है। अब स्वीडन ने राउंड ऑफ-32 के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। इस ग्रुप में स्वीडन और ट्यूनीशिया के अलावा जापान और नीदरलैंड अन्य 2 टीमें हैं। बता दें कि जापान और नीदरलैंड के बीच खेला गया मैच 2-2 से ड्रॉ रहा था। ऐसे में यह ग्रुप रोचक हो गया है।

Advertisement