फीफा विश्व कप 2026: नॉर्वे ने ब्राजील को हराकर पहली बार क्वार्टर फाइनल में किया प्रवेश
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 के रॉउंड ऑफ-16 मुकाबले में नॉर्वे फुटबॉल टीम ने ब्राजील फुटबॉल टीम को 2-1 से हराते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। न्यू जर्सी स्टेडियम में नॉर्वे की इस ऐतिहासिक जीत के नायक अर्लिंग हालैंड रहे, जिन्होंने मैच में 2 गोल किए। दूसरी तरफ ब्राजील की टीम से नेमार ने पेनल्टी में मिले मौके पर 1 गोल किया। नॉर्वे की टीम ने फीफा विश्व कप के इतिहास में पहली बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
पहला हाफ
पेनल्टी पर गोल नहीं कर सके ब्रूनो गुइमारेस
मैच की शुरुआत से ही ब्राजील ने आक्रामक अंदाज में कई प्रयास किए और इस बीच उन्हें पेनल्टी का अवसर मिल गया। मैच के 13वें मिनट पर ब्रूनो गुइमारेस पेनल्टी को गोल में तब्दील नहीं कर सके। विपक्षी गोलकीपर नाइलैंड ने शानदार बचाव करते हुए खतरा टाला। मैच के 40वें मिनट में स्टार स्ट्राइकर विनिसियस जूनियर के प्रयास को नाइलैंड ने नाकाम किया। पहले हाफ के अंत में नॉर्वे की टीम ने कुछ मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं कर सके।
दूसरा हाफ
रोचक रहा दूसरा हाफ
दूसरे हाफ के 75वें मिनट पर नॉर्वे के शेल्डरप को बॉक्स में बाईं ओर से गेंद मिली। उन्होंने टारगेट पर शॉट मारा, जिसे गोलकीपर एलिसन ने रोक दिया। मैच के 79वें मिनट पर शेल्डरप के बेहतरीन क्रॉस पर अर्लिंग हालैंड ने हेडर के जरिए गोल करते हुए टीम का खाता खोला। मैच के 85वें मिनट पर नॉर्वे के गोलकीपर नाइलैंड ने शानदार बचाव करते हुए बढ़त बरकरार रखी। 90वें मिनट में हालैंड ने दूसरा गोल करते हुए स्कोर 2-0 किया।
जानकारी
नेमार ने किया गोल
मैच के इंजरी टाइम में ब्राजील को पेनल्टी मिली, जिस पर नेमार ने गोल करने में कोई गलती नहीं की। यह उनका मौजूदा टूर्नामेंट में पहला और फीफा विश्व कप में कुल 9वां गोल साबित हुआ। वह बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर उतरे थे।
आंकड़े
कैसे रहे मैच के आंकड़े?
मैच में ब्राजील ने गोल करने की 12 बार कोशिश की और 4 बार टारगेट पर शॉट लगाए। नॉर्वे ने 9 बार कोशिश की और वह 5 बार टारगेट पर शॉट लगाने में सफल रही। मैच में ब्राजील का 34 प्रतिशत समय में बॉल पर कब्जा रहा। उसने 88 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 313 पास पूरे किए। इसी तरह नॉर्वे का मैच में 66 बॉल पर प्रतिशत कब्जा रहा और उसने 91 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 653 पास पूरे किए।
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
Erling Haaland's brace sends Norway to the quarter-finals! 👊#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 5, 2026