फीफा विश्व कप 2026: मोरक्को ने कनाडा को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 के पहले मुकाबले में मोरक्को ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कनाडा को 3-0 से हरा दिया। इसके साथ उसने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टेक्सास के ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन दूसरे हाफ में मोरक्को के अज्जेदीन औनाही ने 2 गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। आइए मैच के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
मुकाबला
पहले हाफ में कांटे का रहा मुकाबला
मुकाबले का पहला हाफ 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसमें सह-मेजबान कनाडा ने दबदबा बनाया, लेकिन वह गोल करने में असफल रही। कनाडा ने गोल पर 4 शॉट्स दागे (2 ऑन-टारगेट) और कुल 5 कॉर्नर किक हासिल की, लेकिन माेरक्को की रक्षा पंक्ति ने हर हमले को विफल कर दिया। 11वें मिनट में कनाडा के तानी ओलुवासेयी ने एली अहमद के पास पर शानदार किक मारी थी, लेकिन मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनू शानदार बचाव कर लिया।
आक्रामकता
पहले हाफ में बना येलो कार्ड का रिकॉर्ड
पहले हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों की आक्रामकता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि रेफरी माइकल ओलिवर को 6 बार येले कार्ड का इस्तेमाल करना पड़ा। यह इस विश्व कप में पहले हाफ में दिखाए गए सबसे अधिक येल कोर्ड है। रेफरी ने मोरक्को के बिलाल एल खन्नौस, औनाही और कप्तान अशरफ हकीमी सहित 4 खिलाड़ियों को येलो कार्ड दिखाया। इसी तरह कनाडा के रिची लारिया और जोनाथन डेविड को येलो कार्ड दिखाए गए।
गोल
मोरक्को ने दूसरे हाफ में दागे 2 गोल
पहले हाफ के गोल रहित निकलने के बाद दोनों ही टीमों ने दूसरे हाफ में लगातार हमले किए और इसमें मोरक्को को सफलता मिल गई। 50वें मिनट में कप्तान हकीमी के पास औनाही ने शानदार गोल करते हुए टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 82वें मिनट में औनाही ने बेहतरीन गोल करते हुए टीम को 2-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके बाद कनाडा ने भी कई हमले किए, लेकिन मोरक्को ने गोल नहीं होने दिया।
जानकारी
मोरक्को ने इंजरी समय में दागा तीसरा गोल
इंजरी समय (90+7) में मोरक्को के इब्राहिम डियाज के एक बेहतरीन पास पर सुफियान रहीमी ने बिना कोई गलती किए गेंद को सीधे नेट में डाल दिया और कनाडा के गोलकीपर को पूरी तरह छका दिया। इससे टीम ने 3-0 की बढ़त बना ली।
रिकॉर्ड
मोरक्को ने कनाडा के खिलाफ बरकरार रखा जीत का रिकॉर्ड
इस जीत के साथ मोरक्को ने कनाडा के खिलाफ अपनी जीत के रिकॉर्ड को बरकरार रखा है। अब तक दोनों टीमों के बीच 5 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से मोरक्को ने 4 जीते हैं और एक ड्रॉ रहा है। 2022 कतर विश्व कप में सेमीफाइनल तक का ऐतिहासिक सफर तय करने के बाद मोरक्को ने लगातार दूसरी बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर अफ्रीकी (CAF) महाद्वीप में अपना दबदबा साबित किया है।
आंकड़े
कैसे रहे मैच के आंकड़े?
मैच में मोरक्को ने गोल करने की 5 बार कोशिश की और 4 बार टारगेट पर शॉट लगाए। कनाडा ने 10 बार कोशिश की और वह 3 बार टारगेट पर शॉट लगाने में सफल रही। मैच में मोरक्को का 56 प्रतिशत समय में बॉल पर कब्जा रहा। उसने 85 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 399 पास पूरे किए। इसी तरह कनाडा का मैच में बॉल पर 44 प्रतिशत कब्जा रहा और उसने 78 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 348 पास पूरे किए।