LOADING...
फीफा विश्व कप 2026: जापान ने नीदरलैंड को 2-2 से ड्रॉ पर रोका
वैन डाइक ने लगाया नीदरलैंड के लिए पहला गोल (तस्वीर: एक्स/@FIFAWorldCup)

फीफा विश्व कप 2026: जापान ने नीदरलैंड को 2-2 से ड्रॉ पर रोका

Jun 15, 2026
06:48 am

क्या है खबर?

टेक्सास में खेले गए फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-F मैच में जापान फुटबॉल टीम ने शानदार वापसी करते हुए नीदरलैंड फुटबॉल टीम के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। इस मैच में सभी चारों गोल दूसरे हाफ में लगे। नीदरलैंड मैच में 2 बार बढ़त बनाने के बावजूद मैच नहीं जीत सकी। डच टीम विश्व कप टूर्नामेंट में अपना ग्रुप स्टेज का शुरुआती मैच कभी नहीं हारी है और उन्होंने अपना ये सिलसिला जारी रखा है।

गोल 

वैन डाइक ने लगाया नीदरलैंड के लिए पहला गोल

यह मैच बहुत रोमांचक था और दोनों टीमें आक्रामक तरीके से खेल रही थीं। नीदरलैंड के स्ट्राइकर डोनील मालेन ने शुरुआत में ही जायोन सुजुकी को एक जबरदस्त शॉट से परखा। वर्जील वैन डाइक ने 51वें मिनट में नीदरलैंड के लिए पहला गोल किया। उन्होंने रायन ग्रेवेनबर्ग के क्रॉस पर हेडर से गोल दागा। हालांकि, जापान ने सिर्फ 6 मिनट बाद ही बराबरी कर ली। कीटो नाकामुरा ने पेनल्टी एरिया के बाहर से एक जबरदस्त शॉट लगाकर गोल किया।

ड्रॉ 

कामाडा के गोल से ड्रॉ हुआ मुकाबला 

नीदरलैंड ने 64वें मिनट में क्रिसेन्सियो समरविले के शानदार शॉट से फिर से बढ़त बना ली। समरविले द्वारा लगाई गई किक से गेंद दूर वाले पोस्ट से टकराकर गोल में चली गई। लेकिन जापान ने संघर्ष जारी रखा और मैच खत्म होने से 2 मिनट पहले बराबरी कर ली। सब्स्टीट्यूट कोकी ओगावा के शानदार हेडर (कॉर्नर किक पर) को दाइची कामाडा ने डिफ्लेक्ट किया और गेंद नेट में चली गई।

Advertisement

मैच 

नीदरलैंड ने टारगेट पर 6 शॉट लगाए 

नीदरलैंड ने 10 बार कोशिश की, जिनमें से 6 शॉट टारगेट पर थे। जापान ने भी 10 बार कोशिश की, जिनमें से 3 शॉट टारगेट पर थे। नीदरलैंड ने विपक्षी टीम के बॉक्स में 32 बार बॉल को टच किया। जापान ने 13 बार ऐसा किया। नीदरलैंड का बॉल पर कब्जा ज्यादा (59.80%) रहा और उन्होंने 464 पास पूरे किए। जापान को अगले ग्रुप मैच में स्वीडन और ट्यूनेशिया से भिड़ना है।

Advertisement

आंकड़े 

वैन डाइक ने गोल करके रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया अपना नाम 

ऑप्टा के अनुसार, यह पहली बार था जब नीदरलैंड 2 बार बढ़त बनाने के बावजूद विश्व कप का कोई मैच नहीं जीत सकी। 34 साल और 341 दिन की उम्र में, वैन डाइक विश्व कप में डच टीम के लिए गोल करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। उनसे आगे जियोवानी वैन ब्रोंकहोर्स्ट (35 साल, 151 दिन) हैं। वैन डाइक ने डच टीम के लिए अपना 13वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया और फ्रैंक डी बोअर (13) की बराबरी कर ली।

Advertisement