फीफा विश्व कप 2026: ईरान ने बेल्जियम को गोलरहित ड्रॉ पर रोका
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 में ग्रुप-G में बेल्जियम फुटबॉल टीम और ईरान फुटबॉल टीम के बीच खेला गया मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। लॉस एंजिल्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकी। इस मुकाबले में बेल्जियम के डिफेंडर नाथन न्गोय को रेड कार्ड भी मिला और इस यूरोपीय देश ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद कोई गोल नहीं लगने दिया।
पहला हाफ
गोल रहित रहा पहला हाफ
पहले हाफ में 81 प्रतिशत गेंद पर कब्जा जमाने वाली बेल्जियम की टीम ने कई मौके गंवाए। केविन डी ब्रुने और लुकाकु जैसे स्टार खिलाड़ी भी बेल्जियम का खाता नहीं खोल सके। दूसरी तरफ ईरान ने सेट पीस के जरिए चौंकाया। मैच के 25वें मिनट में ईरान के रेजाईयन ने फ्रीकिक लेते हुए बड़ी चतुराई से गेंद तारेमी को पास की। तारेमी ने बिना कोई देरी किए गोल कर दिया। हालांकि, VAR के बाद इसे ऑफसाइड करार दिया गया।
दूसरा हाफ
ईरान के गोलकीपर बने अभेद दीवार
दूसरे हाफ में ईरान के गोलकीपर अलीरेजा बेइरानवंद दीवार की तरह खड़े रहे। बेल्जियम की ओर से कई प्रयासों को उन्होंने दरकिनार किया। मैच के 59वें मिनट में मैक्सिम डी क्यूपर के पास गोल करने का बेहतरीन मौका था, लेकिन वह भी बेइरानवंद की चुनौती को पार नहीं कर सके। मैच के 67वें मिनट में नाथन न्गोय को रेड कार्ड मिला और बेल्जियम ने बचा हुआ मैच 10 खिलाड़ियों से खेला। दूसरे हाफ में भी कोई गोल नहीं हो सका।
आंकड़े
आंकड़ों में बेल्जियम का रहा दबदबा
मैच में बेल्जियम ने गोल करने की 22 बार कोशिश की और 7 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ ईरान ने 7 बार ही कोशिश की और सिर्फ 3 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इस रोचक मैच में बेल्जियम के पास 56 प्रतिशत समय बॉल का कब्जा रहा। बेल्जियम ने 88 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 575 पास पूरे किए। ईरान ने 206 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 73 प्रतिशत की रही।
अंक तालिका
ऐसी है अंक तालिका
ग्रुप-G में मौजूद यह ईरान का लगातार दूसरा ड्रॉ रहा। इसके बावजूद ईरानी टीम अंक तालिका में फिलहाल 2 अंको के साथ शीर्ष पर है। बेल्जियम ने भी अपने शुरुआती दोनों मैच ड्रॉ खेले हैं। तालिका में बेल्जियम की टीम 2 अंको के साथ दूसरे पायदान पर है। इस ग्रुप में न्यूजीलैंड तीसरे और इजिप्ट चौथे स्थान पर है। इन दोनों टीमों ने 1-1 ड्रॉ खेले हैं।