फीफा विश्व कप 2026: घाना ने इंग्लैंड को गोलरहित ड्रॉ पर रोका
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 में इंग्लैंड फुटबॉल टीम अपने दूसरे मैच में जीत दर्ज नहीं कर सकी। दरअसल, घाना फुटबॉल टीम ने इंग्लैंड को गोलरहित ड्रॉ पर रोका। बोस्टन के जिलेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड का बॉल पर कब्जा ज्यादा रहा और उन्होंने कई मौके भी बनाए, लेकिन वे उन्हें गोल में नहीं बदल सके। इस ड्रॉ के चलते दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा।
पहला हाफ
गोल रहित रहा पहला हाफ
पहले हाफ में दोनों टीमें बेरंग नजर आई, जिसमें एक भी गोल देखने को नहीं मिला। कोच थॉमस टुचेल की रणनीति वाली इंग्लिश टीम ने पहले हाफ में 78 प्रतिशत गेंद पर कब्जा रखा, लेकिन घाना की रक्षापंक्ति ने उन्हें प्रभावी मौके बनाने से रोका। इस बीच इंग्लैंड के पास कुछ मौके बने। डेक्लान राइस की फ्री-किक ऊपर गई और हैरी केन का शॉट डिफ्लेक्ट हुआ, पर कोई भी शॉट टारगेट पर नहीं लग सका।
दूसरा हाफ
ऐसा रहा दूसरा हाफ
दूसरे हाफ में इंग्लैंड की ओर से एंटनी गॉर्डन, केन और बुकायो साका ने टारगेट पर 3 शॉट लगाए। सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर आए आर्सेनल के साका के शॉट को घाना के गोलकीपर ने बचाव किया। वहीं, निको ओराइली का हेडर गोलपोस्ट से टकराया और रिबाउंड पर केन ने गेंद को बहुत ऊपर मार दिया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने प्रयास किए, लेकिन मैच में कोई गोल नहीं देखने को मिला।
नॉकआउट
नॉकआउट में प्रवेश करने के करीब है इंग्लैंड
मैच ड्रॉ होने के बावजूद, इंग्लैंड 2 मैचों में 4 अंकों के साथ नॉकआउट स्टेज के लिए क्वालिफाई करने की राह पर बना हुआ है। हालांकि, अगर उन्हें ग्रुप-L में शीर्ष पर रहना है, तो उन्हें अगले मैच में जीत दर्ज करनी होगी। 'थ्री लायंस' शनिवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में पनामा का सामना करेंगे। बता दें कि इंग्लैंड और घाना, दोनों के ही 2 मैचों में 4 अंक हैं।
घाना
इस टूर्नामेंट में घाना ने अब तक नहीं खाया एक भी गोल
अर्जेंटीना, स्पेन और मैक्सिको की तरह घाना भी उन चुनिंदा टीमों में से एक है, जिन्होंने 2026 फीफा विश्व कप में अब तक कोई गोल नहीं खाया है। बता दें कि घाना ने अपने पहले मैच में पनामा को 1-0 से हराया था। ऑप्टा के अनुसार, इंग्लैंड और घाना के बीच हुआ फीफा विश्व कप 2026 का मैच ऐसा पहला मुकाबला है जिसमें पहले हाफ में एक भी 'शॉट ऑन टारगेट' नहीं लगा।