फीफा विश्व कप 2026: घाना ने रोमांचक मुकाबले में पनामा को 1-0 से हराया
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 में घाना फुटबॉल टीम ने ग्रुप-L में जीत के साथ शुरुआत की है। अपने पहले मैच में घाना ने पनामा फुटबॉल टीम को 1-0 से हराते हुए 3 अहम अंक बटोरे। टोरंटो में खेले गए मैच में घाना की ओर से कालेब यिरेंकी ने गोल किया, जो कि परिणाम के लिहाज से निर्णायक साबित हुआ। इस जीत के साथ अब ग्रुप-L में घाना की टीम फिलहाल दूसरे पायदान पर पहुंच गई है।
पहला हाफ
गोल रहित रहा पहला हाफ
पहले हाफ में ज्यादातर पनामा ने गेंद पर कब्जा बनाए रखा और विपक्षी टीम के गोल के करीब कई मौके बनाए। इस बीच पनामा के सेसिलियो वॉटरमैन ने बॉक्स के बीच से दाहिने पैर से शॉट मारा, जिसे गोलकीपर लॉरेंस अति जिगी ने रोक लिया। मैच के 37वें मिनट में पनामा के जियोवानी रामोस ने दमदार शॉट लगाया, जो गोल के काफी करीब था, लेकिन टॉप राइट कॉर्नर से चूक गया। लगातार प्रयासों के बीच पहला हाफ गोलरहित रहा।
दूसरा हाफ
अतिरिक्त समय में लगा निर्णायक गोल
दूसरे हाफ के दौरान पनामा की रक्षापंक्ति ने घाना के कई प्रयासों को असफल किया। मैच समाप्ति से कुछ मिनट पहले अतिरिक्त समय में ब्रैंडन थॉमस-असांटे ने बेहतरीन पास दिया, जिस पर कालेब यिरेंकी (90'+5') ने दाहिने पैर से शॉट मारकर गेंद को टॉप राइट कॉर्नर में पहुँचाया। बाईं छोर से असांटे का पास इतना बेहतरीन था कि यिरेंकी को गोल करने में कोई ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।
आंकड़े
मैच में सिर्फ 37 प्रतिशत समय ही बॉल पर कब्जा रख सकी घाना
मैच में घाना ने गोल करने की 8 बार कोशिश की और 3 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ पनामा ने 11 बार कोशिश की और 4 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इस रोचक मैच में जीतने वाली टीम के पास 37 प्रतिशत समय बॉल का कब्जा रहा। घाना ने 84 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 348 पास पूरे किए। पनामा ने 547 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 88 प्रतिशत की रही।
अंक तालिका
अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची घाना
ग्रुप-L में अपनी पहली जीत दर्ज करने वाली घाना की टीम अंक तालिका में दूसरे पायदान पर है। इस ग्रुप में इंग्लैंड फुटबॉल टीम फिलहाल शीर्ष पर है। बता दें कि इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में क्रोएशिया को 4-2 से हराया था, जिसमें हैरी केन ने 2 गोल किए थे। तालिका में पनामा तीसरे और क्रोएशिया चौथे पायदान पर मौजूद है। इन दोनों टीमों ने अपने-अपने पहले मैच हारे हैं।