फीफा विश्व कप डेब्यू में केप वर्दे का कमाल, पूर्व चैंपियन स्पेन को ड्रॉ पर रोका
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-H मुकाबले में केप वर्दे ने कमाल कर दिया। विश्व कप में अपना पहला मैच खेल रही टीम ने 2010 की विश्व चैंपियन स्पेन को 0-0 की बराबरी पर रोक दिया। मुकाबले में दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हुआ, जिसके चलते दोनों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। स्पेन ने मैच के दौरान कई मौके बनाए, लेकिन उसकी टीम एक भी अवसर को गोल में नहीं बदल सकी।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
केप वर्दे ने शानदार डिफेंस के दम पर स्पेनिश आक्रमण को नाकाम रखा। स्पेन ने लगातार हमले किए, लेकिन 40 वर्षीय गोलकीपर वोजिन्हा दीवार बनकर खड़े रहे। उन्होंने 7 सेव करते हुए क्लीन शीट बरकरार रखी। स्पेन ने 74 प्रतिशत गेंद पर नियंत्रण रखा। वहीं, केप वर्दे का 26 प्रतिशत गेंद पर नियंत्रण रहा। स्पेन ने कुल 23 शॉट मारे, इस दौरान 8 टारगेट पर थे। केप वर्दे ने 6 शॉट्स मारे, इनमें सिर्फ एक टारगेट पर था।
रिकॉर्ड
मिकेल ओयारजाबाल के नाम आया अनचाहा रिकॉर्ड
स्पेन के फॉरवर्ड मिकेल ओयारजाबाल के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह 1966 के बाद फीफा विश्व कप के इतिहास में ऐसे पहले खिलाड़ी बने, जिन्होंने किसी मैच में 30 मिनट से अधिक समय मैदान पर बिताया, लेकिन इस दौरान गेंद को एक भी बार नहीं छू सके। केप वर्दे के मजबूत डिफेंस ने स्पेनिश आक्रमण को पूरी तरह बांधे रखा, जिसके कारण ओयारजाबाल मैच में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे।
उपलब्धि
गावी ने हासिल की ये उपलब्धि
स्पेन के युवा मिडफील्डर गावी ने एक और खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। 21 साल और 314 दिन की उम्र में वह स्पेन के लिए फीफा विश्व कप में 5 मैच खेलने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उनसे आगे केवल इकर कैसिलास (2002) और मिगेल तेंदिलो (1982) हैं। वहीं, स्क्वॉका के अनुसार गावी 21 वर्ष या उससे कम उम्र में दो विश्व कप खेलने वाले स्पेन के छठे खिलाड़ी भी बन गए।
ग्रुप
यमाल का डेब्यू मैच
स्पेन ने दूसरे हाफ में अपने स्टार खिलाड़ी लामिन यमाल, डैनी ओल्मो और निको विलियम्स को मौका दिया था, लेकिन ये भी टीम को जीत नहीं दिला पाए। यमाल ने विश्व कप में अपना पहला मुकाबला खेला। इस ड्रॉ के साथ ग्रुप-H पूरी तरह से खूल गया है। इस ग्रुप में अन्य टीमें उरुग्वे और सऊदी अरब हैं। उरुग्वे मजबूत टीम है। वहीं, सऊदी अरब ने पिछले विश्व कप में अर्जेंटीना फुटबॉल टीम को मात दी थी।
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
It all ends level ⚖️#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 15, 2026