फीफा विश्व कप 2026: कोलंबिया ने डीआर कांगो को हराते हुए नॉकऑउट में किया प्रवेश
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 में कोलंबिया फुटबॉल टीम ने डीआर कांगो फुटबॉल टीम के खिलाफ कड़े मुकाबले में 1-0 से जीत हासिल करके नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की की। जापोपान में खेले गए इस मैच में कोलंबिया को गोल करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। मैच के 76वें मिनट में डेनियल मुनोज ने गोल किया, जो कि परिणाम के लिहाज से निर्णायक साबित हुआ। इस टीम ने इससे पहले उज्बेकिस्तान को हराया था।
गोल
मुनोज के गोल से जीती कोलंबिया
कोलंबिया ने पहले हाफ में 14 शॉट्स के साथ दबदबा बनाए रखा, लेकिन कांगो के गोलकीपर लियोनेल म्पासी के शानदार प्रदर्शन की वजह से वे गोल नहीं कर पाए। पहले हाफ में एक बेहतरीन मौका गंवाने वाले मुनोज ने दूसरे हाफ में गोल दागकर उस गलती की भरपाई कर ली। यह एक हफ्ते से भी कम समय में मुनोज का कोलंबिया के लिए दूसरा गोल साबित हुआ।
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
🇨🇴 Colombia have qualified for the Round of 32!#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 24, 2026
कोलंबिया
कोलंबिया ने दूसरी बार किया ये कारनामा
ऑप्टा के अनुसार, कोलंबिया ने दूसरी बार विश्व कप में अपने शुरुआती 2 मैच जीते हैं। इससे पहले उन्होंने 2014 में ऐसा किया था, तब कोलंबिया ने क्वार्टर-फाइनल तक का सफर तय किया था। कांगो के लियोनेल म्पासी ने कोलंबिया के खिलाफ शुरुआती 20 मिनट में 5 बचाव (सेव) किए। 1998 में जमैका बनाम अर्जेंटीना मैच में वॉरेन बैरेट के बाद, वह विश्व कप मैच के शुरुआती 20 मिनट में इतने बचाव करने वाले पहले गोलकीपर बन गए हैं।
आंकड़े
कोलंबिया का रहा दबदबा
मैच में कोलंबिया ने गोल करने की 20 बार कोशिश की और 9 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ कांगो ने 7 बार कोशिश की और सिर्फ 2 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इस रोचक मैच में कोलंबिया के पास 66 प्रतिशत समय बॉल का कब्जा रहा। मैच जीतने वाली टीम ने 88 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 506 पास पूरे किए। कांगो ने 281 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 77 प्रतिशत की रही।
अंक तालिका
ग्रुप-K में शीर्ष पर मौजूद है कोलंबिया
ग्रुप-K में मौजूद कोलंबिया ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। यह दक्षिण अमेरिकी देश फिलहाल तालिका में शीर्ष पर मौजूद है। इस ग्रुप से पुर्तगाल फुटबॉल टीम दूसरे स्थान पर है, जिसने 1 मैच जीता है और 1 ड्रॉ खेला है। इस ग्रुप से तीसरे स्थान पर मौजूद कांगो ने 1 मैच हारा है और 1 ड्रॉ खेला है। वहीं, उज्बेकिस्तान अपने दोनों मैच हारकर राउंड ऑफ-32 की दौड़ से बाहर हो चुकी है।