Page Loader
शुभमन गिल वनडे में सबसे तेज 6 शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े
शुभमन गिल ने लगाया शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

शुभमन गिल वनडे में सबसे तेज 6 शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े

Sep 24, 2023
05:56 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ इंदौर वनडे में शतक लगाते ही भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। वह अब सबसे कम वनडे पारियों में 6 शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इसके लिए 35 पारियों का सहारा लिया है। इस सूची में दूसरे नंबर पर शिखर धवन (46), तीसरे पर केएल राहुल (53), चौथे पर विराट कोहली (61) और 5वें पर गौतम गंभीर (68) हैं।

आंकड़े

गिल ने इस साल लगाए 5 शतक

गिल 1 कैलेंडर ईयर में वनडे में 5 या उससे ज्यादा शतक लगाने वाले 7वें भारतीय बल्लेबाज बने। इससे पहले विराट ने 2012, 2017, 2018, 2019 में यह कारनामा किया। साथ ही रोहित (2017, 2018, 2019), सचिन (1996, 1998), राहुल द्रविड (1999), सौरव गांगुली (2000) और शिखर धवन (2013) भी 1 कैलेंडर ईयर में वनडे में 5 या उससे ज्यादा शतक लगा चुके हैं। बता दें कि गिल इस साल वनडे में सर्वाधिक रन (1,230) बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

रिकॉर्ड

गिल और श्रेयस ने जोड़े 200 रन

गिल और श्रेयस अय्यर के बीच दूसरे विकेट के लिए 200 रनों की साझेदारी हुई। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा किसी भी विकेट के लिए की गई चौथी सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले 2004 में वीवीएस लक्ष्मण और युवराज सिंह के बीच 213 रन की साझेदारी हुई थी। 2016 में विराट और शिखर धवन ने 212 रन जोड़े थे। 2016 में ही विराट और रोहित शर्मा के बीच 207 रनों की साझेदारी हुई थी।