
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट: ऑस्ट्रेलिया के इन बल्लेबाजों ने जड़े हैं सबसे तेज शतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कई बल्लेबाजों ने तेज शतक लगाकर दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कुछ ने कम गेंदों में शतक पूरा कर बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए। इन पारियों में न सिर्फ तेजी थी, बल्कि टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का जज्बा भी था। टिम डेविड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तो सिर्फ 37 गेंदों में शतक लगाया। ऐसे में आइए कंगारू टीम के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
टिम डेविड (37 गेंद)
वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच 26 जुलाई 2025 को टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 214/4 का स्कोर बनाया। जवाब में एक समय ऑस्ट्रेलिया के 4 बल्लेबाज 87 रन पर पवेलियन में थे। इसके बाद डेविड का तूफान आया और उन्होंने 37 गेदों में शतक जड़ कुल 102 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 11 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 275.68 की रही। टीम को 6 विकेट से जीत मिली।
#2
जोश इंग्लिश (43 गेंदें)
दूसरे स्थान पर जोश इंग्लिश हैं। उन्होंने साल 2024 में स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 43 गेंदों में शतक जड़ दिया था। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कंगारू टीम ने 196/4 का स्कोर बनाया था। इंग्लिश ने 49 गेंदों का सामना किया था और कुल 103 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 210.20 की रही थी। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 70 रन से जीत मिली थी।
#3
जोश इंग्लिश, आरोन फिंच और ग्लेन मैक्सवेल (47-47 गेंदें)
तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 3 कंगारू बल्लेबाज आरोन फिंच, ग्लेन मैक्सवेल और इंग्लिश हैं। इन तीनों बल्लेबाजों ने 47-47 गेंदों में शतक लगाया था। फिंच ने ये पारी इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली थी। इंग्लिश ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ शतक जड़ा था। मैक्सवेल ने भी ये पारी भारतीय टीम के खिलाफ ही खेली थी। इंग्लिश और मैक्सवेल की पारी 2023 में आई थी। फिंच ने 2013 में ये शतक जड़ा था।
#4
ग्लेन मैक्सवेल (49 गेंदें)
चौथे स्थान पर भी मैक्सवेल हैं। उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 49 गेंदों में शतक जड़ दिया था। उन्होंने ये पारी साल 2016 में खेली थी। मैक्सवेल ने 65 गेंदों का सामना किया था और 145 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उनके बल्ले से 14 चौके और 9 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 223.07 की रही थी। ऑस्ट्रेलिया ने 263/3 का स्कोर बनाया था। श्रीलंका की टीम को इस मैच में 85 रन से हार मिली थी।