Page Loader
टी-20 विश्व कप 2024 में लगाए गए सबसे तेज अर्धशतकों पर एक नजर 
हेनरिक क्लासेन ने फाइनल मुकाबले में कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

टी-20 विश्व कप 2024 में लगाए गए सबसे तेज अर्धशतकों पर एक नजर 

Jun 30, 2024
02:12 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को 7 रन से हरा दिया और दूसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। हालांकि, एक समय जिस तरह हेनरिक क्लासेन बल्लेबाजी कर रहे थे। ऐसा लगा कि दक्षिण अफ्रीका आसानी से 177 रन का लक्ष्य चेज कर लेगा। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। ऐसे में आइए इस विश्व कप के सबसे तेज लगाए गए अर्धशतकों पर नजर डालते हैं।

#1

रोहित शर्मा- 19 गेंद

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध सुपर-8 मुकाबले में 41 गेंदों में 92 रन की पारी खेली थी। ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए रोहित ने सिर्फ 19 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया था। यह टी-20 विश्व कप 2024 का सबसे तेज अर्धशतक रहा। इस मुकाबले में उनकी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 205/5 का स्कोर बनाया था और जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 181/7 का स्कोर ही बना सकी थी।

#2

आरोन जोन्स- 22 गेंद 

USA के बल्लेबाज आरोन जोन्स ने कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 22 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया था। यह इस विश्व कप में संयुक्त रूप से लगाया गया दूसरा सबसे तेज अर्धशतक रहा। जोन्स ने मैच में 40 गेंद का सामना किया था और 94 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 4 चौके और 10 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 235 की रही थी। USA ने 194 रन का लक्ष्य सिर्फ 17.4 ओवर में प्राप्त कर लिया था।

#3

क्विंटन डिकॉक- 22 गेंद 

क्विंटन डिकॉक ने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 38 गेंद में 65 रन जड़ दिए थे। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 171.05 की रही थी। उन्होंने अपना अर्धशतक सिर्फ 22 गेंदों में पूरा कर लिया था। इस कारण पॉवरप्ले में दक्षिण अफ्रीका ने बिना विकेट खोए 63 रन बनाए थे। डिकॉक की शानदार पारी के ही कारण दक्षिण अफ्रीका 163/6 का स्कोर बना पाई। अंत में उन्हें 7 रन से जीत मिली थी।

#4

हेनरिक क्लासेन- 23 गेंद 

क्लासेन भारत के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 27 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके 5 छक्कों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपना अर्धशतक सिर्फ 23 गेंद में पूरा किया। उन्होंने डिकॉक (39) के साथ 30 और डेविड मिलर के साथ 45 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। उनका साथ और किसी भी बल्लेबाज ने नहीं निभाया। प्रोटियाज टीम अपना पहला खिताब जीतने से चूक गई।