Page Loader
टी-20 विश्व कप में बनाए गए सबसे तेज शतकों पर एक नजर
टी-20 विश्व कप इतिहास में क्रिस गेल के नाम दर्ज है सबसे तेज शतक (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप में बनाए गए सबसे तेज शतकों पर एक नजर

May 03, 2024
07:33 pm

क्या है खबर?

ICC टी-20 विश्व कप 2024 का 1 जून से आगाज होने जा रहा है। इस बार इस मेगा टूर्नामेंट का आयोजन वेस्टइंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में किया जा रहा है। इस संस्करण में दुनियाभर की 20 टीमों के खिलाफ अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले भी इस टूर्नामेंट में कई हैरतअंगेज कारनामे देखे जा चुके हैं। इस बीच आइए टूर्नामेंट के इतिहास में लगे सबसे तेज शतकों पर नजर डालते हैं।

#4

राइली रूसो- 52 गेंद

दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज राइली रूसो ने टी-20 विश्व कप 2022 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार शतक जड़ा था। उन्होंने इसे महज 52 गेंदों में पूरा किया और 56 गेंदों में 109 रन की बेजोड़ पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौकों के अलावा 8 छक्के भी जड़े थे। यह टी-20 विश्व कप इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक है। उस मैच में प्रोटियाज टीम ने 205/5 का स्कोर बनाकर 104 रन की जीत दर्ज की थी।

#3

ब्रेंडन मैकुलम- 51 गेंद

टी-20 विश्व कप 2012 में न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ने श्रीलंका में बांग्लादेश के खिलाफ ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने केवल 51 गेंदों में शतक जड़ दिया था। यह तीसरा सबसे तेज शतक है। मैच में उन्होंने 58 गेंदों पर 11 चौके और 7 छक्कों की मदद से 123 रन की पारी खेली थी। यह टी-20 विश्व कप में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है। मैकुलम के शतक से न्यूजीलैंड ने 59 रनों से जीत हासिल की थी।

#2

क्रिस गेल- 50 गेंद

टी-20 विश्व कप के 2007 में खेले गए पहले संस्करण में वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल प्रोटियाज गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए तूफानी शतक जड़ा था। उन्होंने केवल 50 गेंदों में ही इसे पूरा कर लिया था। वह पारी में 57 गेंदों में 7 चौके और 10 छक्कों की मदद से 117 रन बनाकर आउट हुए थे। हालांकि, उनके इस तूफानी शतक के बाद भी मेजबान अफ्रीकी टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज कर ली थी।

#1

क्रिस गेल- 47 गेंद

टी-20 विश्व कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी गेल के ही नाम है। उन्होंने साल 2016 संस्करण में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मुंबई में 47 गेंदों में शतक जड़ा था। उन्होंने महज 48 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेलकर इंग्लिश गेंदबाजों को चारों खाने चित कर दिया था। उनकी इस पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 6 विकेट से जीत हासिल कर ली थी। गेल ने उस पारी में 11 छक्के और 5 चौके जड़े थे।